रोहतक में नगर पालिका कर्मचारी संघ की शनिवार को हुई विशेष बैठक में मांगों को लेकर निगम प्रशासन को चेताया गया। कर्मचारी 23 दिसंबर को 24 घंटे का अल्टीमेटम देंगे और इसके बाद 25 दिसंबर को हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे शहर में सफाई व्यवस्था चौपट हो सकती है।
नगर पालिका कर्मचारी संघ की बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष संजय बिड़लान ने की। उन्होंने कहा कि आज तक कर्मचारियों की जायज मांगों के बारे में नगर निगम प्रशासन को जो भी मांग पत्र दिया है, उसमें से किसी भी मांग पर आज तक कार्यवाही करके पूरा नहीं किया गया। न ही संघ के साथ इन मांगों पर चर्चा की गई है। सभी कर्मचारियों में इससे भारी रोष है।
बैठक में अध्यक्ष ने बताया कि मांगे पूरी नहीं किया गया। इसके अलावा नगर निगम से बाहरी राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा भी हस्तक्षेप किया जा रहा है और अधिकारियों पर दबाव बना कर कर्मचारियों की बिना किसी कारण के बदली करवाई जा रही है और कर्मचारियों को तंग किया जा रहा है।
जिसका संघ ने विरोध किया। इन मांगों को लेकर सभी पदाधिकारियों तथा बैठक में शामिल कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि 23 दिसंबर को संघ द्वारा निगम को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया जाएगा। अगर 24 घंटे में निगम प्रशासन द्वारा मांगे पूरी करने के लिए बातचीत नहीं की गई या पूरी नहीं की गई, तो नगर निगम रोहतक के कर्मचारी 25 दिसंबर को काम छोड़ो हड़ताल पर चले जाएंगे। जिसका जिम्मेदार निगम प्रशासन होगा।
ये हैं नगर निगम कर्मियों की मांग
शहर के क्षेत्रफल व आबादी के अनुसार सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए। फिलहाल नगर निगम रोहतक में 625 सफाई कर्मचारी कार्यरत है। 31 मार्च 2023 को मैन रोड की सफाई का ठेका समाप्त होने के बाद इन्हीं कर्मचारियों को सफाई करनी पड़ रही है। वहीं ठेका समाप्त होने के बाद करीब 250 से 300 कर्मचारी बेरोजगार हो गए। इसकी व्यवस्था की जाए।
2. कूड़ा उठान ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा किया जाए। लेकिन फिलहाल निगम के कर्मचारी कूड़ा उठा रहे हैं। जब कूड़ा उठान का ठेका हो गया तो निगम के कर्मचारी क्यों उठाएं।
3. निगम के कर्मचारियों को अलग-अलग 20-22 जगह अपनी हाजिरी के लिए एकत्रित होना पड़ता है। जहां कर्मचारियों के बैठने तक का स्थान नहीं। महिलाएं के लिए शौचालय की व्यवस्था भी नहीं। यह व्यवस्था की जाए।
4. बरसात के मौसम में बारिश से भीगने से बचने के लिए कर्मचारियों को बरसाती देनी चाहिए। बरसाती के लिए विभाग द्वारा टेंडर भी जारी हो चूका है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण आज तक नहीं मिली।
5. सफाई कर्मचारियों को सफाई के लिए सफाई उपकरण रेहड़ी, फावड़ा, कस्सी , करनी, फट्टी, पंजा, गेत्ति, चाबी उपलब्ध करवाई जाए।
6. हरियाणा सरकार द्वारा जारी अधिसूचना जिसमें HKRN के कर्मचारियों को 58 वर्ष तक नौकरी की गारंटी दी गई है, उसे लागू किया जाए।
7. सी क्लास के कर्मचारियों की पदोन्नति की कार्यवाही लम्बे समय से चल रही, लेकिन देरी होने के कारण इस लाभ से वंचित है।
8. HKRN में रिक्त स्थान ना होने के कारण सी क्लास के कर्मचारियों को डी ग्रुप में लगा दिया गया। वर्तमान में सी क्लास के रिक्त स्थान है उन पर कर्मचारियों को एडजस्ट किया जाए।
9. नगर निगम के सेनानिवृत पेंशनरों को PPO बुक जारी करवाई जाए।
10. चौकीदारों को लाठी, बैटरी, वर्दी, भत्ता दिया जाए। सरकार की हिदायत अनुसार प्रत्येक चौकीदार को साईंकल तथा छाता दें।
11. HKRN के माध्यम से लगे सहायक सफाई निरीक्षक की वेतन वृद्धि की जाए।
