रोहतक, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रकृति से प्रेरित-जलवायु के लिए-हमारे भविष्य के लिए विषय के अंतर्गत हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संवर्धन एवं सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश कुमार ने आईएमटी रोहतक स्थित एम/एस एशियन पेंट्स में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर आयोजित वृक्षारोपण अभियान के तहत 100 से अधिक पौधे लगाए गए। इसी कड़ी में अगस्त्य इंटरनेशनल स्कूल, रोहतक में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जूट बैग तथा जूट स्कूल किट वितरित किए गए, ताकि प्लास्टिक उत्पादों के उपयोग को कम कर पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा दिया जा सके। विद्यालय परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दिनेश कुमार ने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने होंगे। उन्होंने प्लास्टिक की बजाय जूट बैग एवं अन्य पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, रोहतक क्षेत्र के वैज्ञानिक-बी जिनेन्द्र जैन, एईई विजय व गुरनीश, सहायक विशाल सिवाच, जेईई दीपक तथा लिपिक मनीष ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त एचएसपीसीबी, रोहतक क्षेत्र की टीम द्वारा एम/एस शिवम ऑटो टेक, आईएमटी रोहतक तथा 10 एमएलडी सीईटीपी, रोहतक में भी वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इन कार्यक्रमों में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। एम/एस भारत रसायन, रोहतक में आयोजित एक अन्य विशेष वृक्षारोपण अभियान के दौरान 100 से अधिक पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।
इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय, रोहतक ने पर्यावरणीय सततता, जलवायु संरक्षण तथा जन-जागरूकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ किया। कार्यक्रमों ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा भावी पीढय़िों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने हेतु सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया।


