हरियाणा के चरखी दादरी में सिटी थाना के सामने हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार दोपहर पुलिस और STF की टीम ने बोंद गांव के पास मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी रोहित कातिया को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से पुलिस और STF की पांच टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
पुलिस जांच के अनुसार, पूरा विवाद चार एकड़ जमीन को लेकर है। इस मामले में अमित फतेहगढ़िया मुख्य निशाने पर था। गुरुवार को कोर्ट से लौटते समय उसकी स्कॉर्पियो पर हमलावरों ने करीब 30 राउंड फायरिंग कर दी थी।
7 लोग हुए घायल, 4 की हालत गंभीर
फायरिंग के वक्त स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे। गोलीबारी में सभी घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं अमित फतेहगढ़िया को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया।
पेशी से लौटते समय हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक, घायल अमित फतेहगढ़िया, कीर्तिमान और विजय उर्फ सन्नी वर्ष 2025 में दर्ज एक प्रॉपर्टी विवाद के मामले में कोर्ट में पेशी पर आए थे। सुनवाई के बाद जैसे ही वे स्कॉर्पियो में लौट रहे थे, सिटी थाने के सामने बाइक सवार तीन बदमाशों ने वाहन रोककर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी
घटना के बाद सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग के सदस्य नवीन बॉक्सर के नाम से एक ऑडियो सामने आया, जिसमें अमित फतेहगढ़िया पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।
43 केस दर्ज, पुलिस जांच जारी
पुलिस के अनुसार, फायरिंग में घायल सात लोगों पर पहले से 43 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बाढ़ड़ा थाना में दर्ज प्रॉपर्टी विवाद के केस को भी इस हमले की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।



