हिसार: दीपावली के दिन हिसार पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। CIA मिल गेट की टीम ने गांव जाखोद खेड़ा में दबिश देकर सचिन नाम के युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्तौल, दो मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सचिन अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुआ था, लेकिन नौकरी बीच में ही छोड़कर वापस लौट आया था। पुलिस अब उससे अवैध हथियार के स्रोत और उसे रखने के उद्देश्य के बारे में पूछताछ कर रही है।

गुप्त सूचना के आधार पर CIA ने दी दबिश

CIA मिल गेट प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश के अनुसार, पुलिस टीम अपराध जांच के सिलसिले में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गांव जाखोद खेड़ा में एक युवक के पास अवैध हथियार होने की गुप्त सूचना मिली।

सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश देकर सचिन को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 32 बोर की पिस्तौल, दो मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस मिले।

सदर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना हिसार में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद हथियार और कारतूस को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हथियार कहां से खरीदा, रिमांड पर पूछताछ करेगी पुलिस

पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि सचिन अवैध पिस्तौल कहां से लेकर आया था और इसे रखने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था। पुलिस हथियार के इस्तेमाल से जुड़े संभावित पहलुओं की भी जांच करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!