रोहतक के लाढौत रोड पर देर रात चार युवकों ने कार सवार एक युवक को पिस्तौल दिखाकर लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार से फरार हो गए। भागने के दौरान उनकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया और क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद चारों आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

एकता कॉलोनी निवासी विशाल ने बताया कि वह अपने दोस्त अजय से मिलने के लिए कार से सनसिटी गया था, जहां अंकित भी मौजूद था। बातचीत के दौरान दोनों ने उसे ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद उन्होंने विशाल से 5 लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहा। दोस्तों की बातों में आकर विशाल ने अपने परिचित रवि से 5 लाख रुपये मंगवा लिए।

विशाल के अनुसार, अजय और अंकित के पास एक बैलेनो कार खड़ी थी, जिसमें चार युवक सवार थे। इनमें रोहित और सुमित की पहचान हुई, जो पानीपत के रहने वाले बताए गए, जबकि दो अन्य युवक भी उनके साथ मौजूद थे। आरोपियों ने विशाल को अपनी कार के पीछे आने के लिए कहा। इसके बाद वह अपनी कार लेकर उनकी बैलेनो के पीछे-पीछे चल पड़ा।

विशाल ने बताया कि लाढौत रोड पर आरोपियों ने अपनी कार रोक दी, जिसके पीछे उसने भी अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। इसके बाद आरोपियों की कार से दो युवक उतरकर उसकी गाड़ी में आ गए। विशाल के अनुसार, उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उस पर तान दी और रुपयों से भरी थैली छीन ली। विरोध करने पर आरोपियों के साथ हाथापाई भी हुई, लेकिन उन्होंने जान से मारने की धमकी देकर रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

विशाल ने बताया कि रुपये लूटने के बाद आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए। वह भी अपनी कार से उनका पीछा करता रहा। इसी दौरान आरोपियों की कार सामने से आ रही एक बाइक से टकरा गई और अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा भिड़ी, जिससे वाहन वहीं रुक गया। विशाल ने बताया कि उसने भी अपनी कार रोककर आरोपियों की कार की ओर दौड़ लगाई, लेकिन तब तक सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।

विशाल ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद वह आरोपियों की गाड़ी के पास गया और गाड़ी में देखा तो रुपयों की थैली मिल गई। उसने अपने दोस्त रवि को बुलाकर पैसे वापस लौटा दिए और पुलिस को सूचना दी। वहीं, एक्सीडेंट में बाइक सवार युवक देव व उसकी मां को गुम चोट लगी, जिन्हें ईलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

सदर थाना से जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि उन्हें एक युवक से लूटपाट की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वह लाढौत रोड पर पहुंचे तो वहां एक गाड़ी का एक्सीडेंट पाया गया, जिसमें चार युवक सवार थे। जांच में सामने आया कि चारों युवक लूटपाट की घटना को अंजाम देकर भाग रहे थे, इसी दौरान उनकी गाड़ी एक बाइक से टकरा गई और अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एसआई सुभाष के अनुसार आरोपी मौके पर गाड़ी में ही पैसे छोड़कर फरार हो गए, जो बाद में शिकायतकर्ता को गाड़ी से मिल गए। वाहन की जांच एफएसएल टीम से करवाई गई है। आरोपियों में दो की पहचान पानीपत के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!