गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में दिनदहाड़े सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शहर के पॉश इलाके DLF फेज-1 स्थित एक फूलों की दुकान में फूल कारोबारी का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बिहार के मोतिहारी निवासी संजय के रूप में हुई है।

घटना शहर के सबसे व्यस्त इलाके में स्थित ‘खुशी फ्लोरिस्ट’ नाम की दुकान में हुई, जो जी-टाउन वाइन शॉप और ब्रिस्टल होटल के ठीक सामने है।

भाई के फोन के बाद खुला हत्या का राज

पास की दुकान चलाने वाले दीपक यादव ने बताया कि दुकान संचालक राजा ने उन्हें फोन कर कहा कि उसके भाई संजय के साथ कोई अनहोनी हो गई है और वह तुरंत दुकान के अंदर जाकर देखें।

दीपक जब दुकान के अंदर पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था। संजय का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से कई वार किए गए थे और पूरी दुकान में खून फैला हुआ था।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही DLF फेज-1 थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

हत्या के कारणों की जांच जारी

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस लूट, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!