हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों एवं एडीजी अपराध श्री संजय कुमार के निर्देशानुसार डी-पार्क तथा शीला बाईपास क्षेत्र में बाल मजदूरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न होटलों में कार्य कर रहे 6 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया।
कार्रवाई एमडीडी टीम के सदस्य विकास तथा मानव तस्करी विरोधी टीम के सदस्य रवि मलिक, प्रदीप कुमार और सुरेंद्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
रेस्क्यू किए गए बच्चों में 2 बच्चों की आयु 14 वर्ष, 2 बच्चों की आयु 15 वर्ष तथा 2 बच्चों की आयु 16 वर्ष पाई गई। जांच में सामने आया कि 4 बच्चे उत्तर प्रदेश राज्य तथा 2 बच्चे बिहार राज्य के निवासी हैं।
सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति, रोहतक के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां चेयरमैन एडवोकेट सतीश कौशिक , विकास अत्री व उषा रानी सदस्य बाल कल्याण समिति रोहतक के समक्ष बच्चों की काउंसलिंग की गई। समिति द्वारा बच्चों के अभिभावकों को सख्त हिदायत दी गई तथा संबंधित होटल संचालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में नाबालिग बच्चों से कार्य न कराया जाए, अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
