हरियाणा के रोहतक में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने एक व्यक्ति से उर्वरक (फर्टिलाइजर) लाइसेंस दिलाने के नाम पर एक लाख रुपए की मांग की थी। शिकायतकर्ता से पहले ही 50 हजार रुपए ले लिए गए थे, जबकि बाकी 50 हजार रुपए के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने रोहतक ACB में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर ACB टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और बुधवार को आरोपी को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी डिप्टी डायरेक्टर के खिलाफ थाना ACB रोहतक में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल ACB टीम मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

