ग्रेटर नोएडा के दादरी कस्बे में शनिवार सुबह एक मकान की छत पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना दादरी कोतवाली क्षेत्र स्थित हसीमुद्दीन के मकान की है। जानकारी के अनुसार मकान की छत पर पुराने टेंट के कपड़े, लकड़ी तथा अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। सुबह पड़ोसियों ने छत से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, जिसके बाद तुरंत लोगों को इसकी सूचना दी गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में लपटें काफी ऊंचाई तक पहुंच गईं। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बाल्टियां और पाइप लेकर मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वहीं दमकल विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि आग लगने से छत पर रखा टेंट का सामान, लकड़ी और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
गनीमत रही कि आग मकान की छत तक ही सीमित रही और निचले हिस्से तक नहीं पहुंची। यदि आग घर के अंदर फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था तथा जान-माल के भारी नुकसान की आशंका थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!