हरियाणा में सोमवार सुबह गुरुग्राम, सोनीपत और जींद में बारिश हुई। गुरुग्राम के खांडसा रोड स्थित शिवाजी नगर में बारिश के बाद जलभराव हो गया।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, सोमवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत और जींद में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

प्रदेश में 16 अक्टूबर तक ज्यादातर स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।

रविवार को हुई बारिश के कारण राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 3.7°C की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। पूरे राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल में 15.0°C दर्ज किया गया, जहां पिछले 24 घंटों में 7.6°C की बड़ी गिरावट देखी गई।

हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष मदन खीचड़ के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हरियाणा में मौसम में बदलाव आया है। इसके चलते खासकर उत्तरी और पश्चिमी जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस पश्चिमी विक्षोभ का असर 13 अक्टूबर तक रहने की संभावना है। इसके बाद 13 अक्टूबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ने के आसार हैं। इसके प्रभाव से 14 से 16 अक्टूबर के दौरान प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। इसके बाद मौसम खुश्क रहने और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!