हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सुबह से प्रदेश के फरीदाबाद और रेवाड़ी जिले में रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। जबकि सबसे अधिक बारिश गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद में रिकॉर्ड की गई।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के 10 जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर और चरखी दादरी में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जहां कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है।

वहीं राज्य के अधिकांश अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। उधर, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवातीय सर्कुलेशन के कारण 7 और 8 अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होगी।

कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि मानसून ट्रफ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा इस समय फिरोजपुर, रोहतक, शाहजहांपुर, कानपुर, डेल्टागंज और डिगा से होती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

इसके साथ ही राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके प्रभाव से हरियाणा में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ी है, जिससे 7 और 8 अगस्त के दौरान गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

बारिश और बादलवाई के कारण प्रदेश में दिन के पारा में गिरावट आई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7°C नीचे गिरकर काफी ठंडा दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.7°C सिरसा में दर्ज किया गया। वहीं गुरुग्राम में अधिकतम पारा महज 26.1°C, करनाल में 27.0°C, यमुनानगर में 27.2°C और रोहतक में 28.1°C रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 अगस्त तक दिन के तापमान इसी प्रकार रहेगा।

रात के तापमान की बात करें तो राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1.1°C की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8°C हिसार में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3°C कम है। इसके अलावा रेवाड़ी में न्यूनतम पारा 23.7°C, नूंह में 23.8°C, नारनौल व भिवानी में 24.0°C और चंडीगढ़ में 25.0°C रिकॉर्ड किया गया। आगामी दिनों में रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!