पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राजपुरोहित ने स.उप.नि सोमवीर की बेटी प्रीति पंवार को कॉमनवेल्थ 2026 में बॉक्सिंग मे 54 किलो भार वर्ग मे गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई देकर पिता-बेटी का हौसला-अफजाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राजपुरोहित ने प्रीति के उज्जवल भविष्य की कामना की है। पुलिस अधीक्षक ने मुक्केबाज प्रीति को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर बुके भेट कर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए यह गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रीति युवाओं खासकर लड़कियों के लिए एक रोल मॉडल है। जिसने पढाई के साथ-2 अपने खेल पर भी ध्यान देकर लगन व कड़ी मेहनत से मुकाम हासिल किया है। युवा पीढ़ी अपना लक्ष्य निर्धारित कर लगन व कड़ी मेहनत से कार्य करे तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करे। आज समाज में महिलाएं आत्मनिर्भरता के साथ हर क्षेत्र में कार्य कर रही है तथा सफलता प्राप्त कर रही है।
ग्लासगो, स्कॉटलैंड मे आयोजित हुए राष्ट्रमंडल खेल( कॉमनवेल्थ गेम्स) मे रोहतक पुलिस मे कार्यरत बडेसरा जिला भिवानी निवासी स.उप.नि सोमवीर पंवार की बेटी प्रीति पंवार ने 22 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक चली बॉक्सिंग प्रतियोगिता मे 54 किलो भार वर्ग मे गोल्ड मेडल जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है।
प्रीति ने एशियन गेम्स 2023 में 23 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक चली बॉक्सिंग प्रतियोगिता मे 54 किलो भार वर्ग मे ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया था इस दौरान क्वार्टर फाइनल मैच में प्रीति ने कजाकिस्तान की खिलाड़ी को एकतरफा मुकाबले मे हराया। प्रीति ने सन् 2017 मे बॉक्सिंग की शुरुआत की थी। प्रीति ने वर्ष 2019 मे स्कूल नेशनल मे गोल्ङ मेङल तथा सन् 2020 मे खेलो इंडिया यूथ गेम गुवाहाटी मे रजत पदक जीत है। साल 2021 में सोनीपत मे हुए यूथ नेशनल चैंपियनशिप मे गोल्ङ मेङल जीता है। साल 2021 मे यूथ एशियन चैंपियनशिप 2021 में बॉक्सिंग मे 57 किलो भार वर्ग मे सिल्वर मेडल जीता है। एशियन चैम्पियनशिप 2022 जॉर्डन मे हुई। जिसमे प्रीति ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। साल 2022 में पंचकूला में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम में भी प्रीति ने गोल्ड मेडल जीता है। थाना बहु अकबरपुर मे कार्यरत स.उप.नि सोमवीर पंवार ने खुशी इजहार करते हुए बताया कि उनकी बेटी ने देश का नाम रोशन किया है। प्रीति ने ओलंपिक 2024 के लिये भी भाग लिया था जो चोट लगने के कारण सफलता प्राप्त नही हो सकी। चोट लगने के बाद भी प्रीति ने हार नही मानी और कठिन मेहनत के दम पर शानदार वापसी करते हुये 2025 मे ग्रेटर नोएडा मे आयोजित वर्ल्ड कप मे गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके उपरांत एशियन चैंपियनशिप 2025(मंगोलिया) मे भी गोल्ड मेडल जीतकर भारत का गौरव बढाया। प्रीति की इन उपलब्धियों पर परिवार सहित पुलिस विभाग मे भी खुशी का माहौल है।
