हरियाणा के 15 जिलों में सोमवार को गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

हालांकि, राज्य में आंधी-बारिश के बाद एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं महेंद्रगढ़ में 37.2 डिग्री, नारनौल में 39.0 डिग्री, भिवानी में 39.5 डिग्री, हिसार में 38.6 डिग्री तथा गुरुग्राम में 37.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

जिन जिलों में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है, उनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात (नूंह), पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 18 जून के बीच प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं 19 और 20 जून को राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 15, 19 और 20 जून को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद फिलहाल प्रदेश में हीटवेव जैसी स्थिति नहीं है। हालांकि आने वाले दिनों में पारा तेजी से बढ़ने के कारण लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!