फरीदाबाद जिले में अवैध शराब के फलते-फूलते धंधे के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। अनंगपुर गांव से सटे अरावली के घने और सुनसान जंगलों में छिपकर चलाई जा रही अवैध शराब की भट्टी पर क्राइम ब्रांच बड़खल, क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक धावा बोला। पुलिस की अचानक हुई इस छापेमारी से मौके पर हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान शराब बना रहे दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचकर घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए।क्राइम ब्रांच बड़खल के इंचार्ज अनिल छिल्लर के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अनंगपुर के जंगलों में कुछ लोग अवैध रूप से भट्टी चलाकर बड़े पैमाने पर शराब तैयार कर रहे हैं। इस देसी/नकली शराब को बनाने के लिए यूरिया, गुड़, सड़े हुए फल, पेड़ों की छाल और अन्य हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती थी। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग को साथ लेकर एक विशेष रणनीति के तहत जंगल की घेराबंदी की गई।

जैसे ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम बताए गए ठिकाने पर पहुंची, वहां भट्टी चला रहे धंधेबाजों को पुलिस की भनक लग गई। घने पेड़ों और दुर्गम रास्ते का फायदा उठाकर दोनों आरोपी मौके से रफूचक्कर हो गए। टीम ने काफी दूर तक जंगलों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।

छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर प्लास्टिक के ड्रमों और गड्ढों में भरी हुई करीब 800 लीटर तैयार नकली शराब और भारी मात्रा में लहन मिला। इसके अलावा शराब बनाने के उपकरण, चूल्हे और जहरीले रसायन भी बरामद हुए। सुरक्षा और नियमों को ध्यान में रखते हुए टीम ने 800 लीटर तैयार जहरीली शराब और लहन को मौके पर ही गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया, जबकि अन्य निर्माण सामग्री को जब्त कर लिया गया।

शुरुआती जांच से साफ हुआ है कि आरोपी पुलिस और आबकारी विभाग की नजरों से बचने के लिए जंगल के सुनसान इलाके का इस्तेमाल कर रहे थे ताकि किसी को भट्टी के धुएं और बदबू का अहसास न हो। अब पुलिस इस पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है कि इस अवैध शराब की खेप को फरीदाबाद, गुरुग्राम या दिल्ली-एनसीआर के किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।

पुलिस फरार दोनों आरोपियों की शिनाख्त करने के लिए स्थानीय मुखबिरों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े मुख्य तस्करों का भी पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!