पंजाब के फरीदकोट में श्री गुरू ग्रंथ साहिब चोरी होने के मामले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) आज फिर डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम से पूछताछ करेगी। इसके लिए टीम सुनारिया जेल रोहतक पहुंची चुकी है। सुबह करीब 10:20 बजे जांच टीम सुनारिया जेल पहुंची।

पंजाब से 7 गाड़ियों में SIT टीम और करीब 30 पुलिसकर्मी रोहतक पहुंचे हैं। इससे पहले भी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख से जेल में और डेरा प्रबंधकों से सिरसा डेरा में पूछताछ हो चुकी है। इसी दौरान पूछे गए सवालों में से निकले और सवालों के जवाब डेरा प्रमुख से चाहिएं।

बता दें कि SIT मामले की जांच तेजी से कर रही है, क्योंकि उन पर चुनाव से पहले पहले इसे नतीजे पर पहुंचाने का दबाव है। SIT प्रमुख आाईजी एसपीएस परमार ने पुष्टि करते हुए कहा है कि हम राम रहीम से पूछताछ के लिए दोबारा सुनारिया जेल रोहतक पहुंचे हैं। IG एसपीएस परमार की अगुवाई में एसआईटी में एसएसपी मुखविंदर भुल्लर, डीएसपी लखबीर सिंह और इंस्पेक्टर दलबीर सिंह टीम में शामिल हैं।

राम रहीम से SIT ने गत 9 नवंबर को भी पूछताछ की थी। तब उसने कहा था कि उनका काम सतसंग करने का था, फैसले डेरा की प्रबंधक कमेटी लेती थी। इस आधार पर SIT ने डेरा प्रबंधक विपासना इंसां और पी आर नैन को सम्मन दिए थे, मगर वह हाईकोर्ट चले गए। हाईकोर्ट से आदेश के बाद SIT की टीम सिरसा गई थी। यहां पर पीआर नैन से पूछताछ हुई। इसके बाद फिर से डेरा प्रमुख से पूछताछ हो रही है।

राम रहीम और प्रबंधकों द्वारा दिए गए जवाबों से SIT संतुष्ट नहीं है और यही कारण है कि अभी और भी पूछताछ की जानी है। SIT प्रमुख एसपीएस परमार करते हैं कि जब तक उन्हें अपने सवालों के सही जवाब नहीं मिल जाते, पूछताछ इसी तरह चलती रहेगी। कई दौर की पूछताछ हो सकती है। एसआईटी यही स्पष्ट करना चाहती है कि फरीदकोट में हुई बेअदबी में डेरा प्रबंधकों की कोई भूमिका तो नहीं। हालांकि राम रहीम समेत डेरे के तमाम लोग बेअदबी की घटना में हाथ होने से इनकार कर चुके हैं।

बेअदबी का मामला 6 साल पुराना है। 1 जुलाई 2015 को फरीदकोट जिले में बरगाड़ी से 5 किलोमीटर दूर स्थित गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला के गुरुद्वारे से श्री गुरु ग्रंथ साहिब का पावन स्वरूप चोरी हो गया था। 24 सितंबर 2015 को बरगाड़ी में गुरुद्वारे के पास हाथ से लिखे दो पोस्टर लगे मिले।

आरोप है कि पंजाबी भाषा में लिखे इन पोस्टरों में अभद्र भाषा इस्तेमाल की गई और पावन स्वरूपों की चोरी में डेरा सच्चा सौदा का हाथ होने की बात भी लिखी गई। 12 अक्टूबर 2015 को बुर्ज जवाहर सिंहवाला की गलियों में पावन स्वरूप के अंग बिखरे मिले। इससे नाराज सिख संगत ने रोष प्रदर्शन किया, जिसने उग्र रूप ले लिया था। इस दौरान हुई पुलिस फायरिंग में 2 लोगों की मौत हुई थी।

बेअदबी और गोलीकांड के इस मामले में साल 2015 में 3 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं। इनमें पांच डेरा प्रेमियों रणदीप सिंह उर्फ नीला, रणजीत सिंह, बलजीत सिंह, निशान सिंह और नरिंदर कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया, जो अब जमानत पर चल रहे हैं। डेरा सच्चा सौदा की नेशनल कमेटी के 3 मेंबर संदीप बरेटा, प्रदीप कलेर और हर्ष धूरी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए गए। इस बारे में भी राम रहीम से पूछताछ की जाएगी।

बेअदबी का मामला 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा बन गया, जिसके चक्कर में अकाली दल की बुरी तरह से हार हुई। अब तक इस मामले की जांच CBI के अलावा पंजाब पुलिस की तीन अलग-अलग SIT कर चुकी हैं, लेकिन बेअदबी करने वाले असल दोषियों के नाम सामने नहीं आ पाए हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!