रोहतक में युवाओं ने अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए मानसरोवर पार्क में एकत्रित हो भाजपा के प्रदेश कार्यालय तक शव यात्रा निकाली। इस दौरान युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अग्निपथ योजना को रद्द करने की मांग उठाई। युवाओं ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि यदि अग्निपथ योजना को वापस नहीं लिया गया तो वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

अग्निपथ योजना के विरोध में निकाली शव यात्रा में शामिल युवाओं में काफी जोश दिखा। सरकार व अग्निपथ योजना की निकाली गई शव यात्रा को नेतृत्व नवीन जयहिंद ने किया। नवीन जयहिंद ने कहा कि सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर युवाओं से खिलवाड़ किया है। युवा सेना में केवल वेतन के लिए नहीं जाते, बल्कि युवाओं में देश सेवा का जज्बा होता है। इसलिए देश की सेवा करने को सेना में भर्ती होते हैं। सेना में जाने के लिए युवा कई वर्षों से तैयारी कर रहे हैं। वहीं तीन-तीन साल एनसीसी में लगा दिए और अब सरकार केवल चार साल नौकरी देकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

युवाओं ने प्रदेश बीजेपी कार्यालय के बाहर सरकार व अग्निपथ योजना की चिता जलाई। युवाओं ने रोष प्रदर्शन करते हुए जलती चिता के सामने ही दंड-बैठक लगाने लगे। युवाओं का कहना था कि वे जलती चिता के समक्ष दंड-बैठक लगाकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने व पूरी करवाने का प्रयास कर रहे हैं।

नवीन जयहिंद ने कहा कि सरकार के नेता अग्निपथ योजना को युवाओं के लिए अच्छा बताते हुए युवाओं को अग्निवीर बनने की बात कह रहे है। अगर यह योजना इतनी ही अच्छी है तो नेता अपने बच्चों को अग्नीवीर बनाएं। चाहे नेताओं के बेटों को एक लाख रुपये वेतन भी दे दें।

युवाओं द्वारा मानसरोवर पार्क से बीजेपी कार्यालय तक शव यात्रा निकालने व चिता जलाने की चेतावनी को देखते हुए पुलिस पहले से ही तैनात हो गई थी। युवाओं के पहुंचने से पहले ही पुलिस मानसरोवर पार्क व बीजेपी कार्यालय के बाहर तैनात रही। युवा बीजेपी कार्यालय तक ना पहुंचे, इसके लिए बेरिकेट्स लगाए गए थे।

देशभर में जगह-जगह अग्निपथ योजना को लेकर हो रहे उग्र प्रदर्शन को लेकर युवाओं ने कहा कि वे शांतिपूर्वक ढंग से अपना प्रदर्शन करेंगे। हिंसक घटनाओं से परहेज रखेंगे, लेकिन उनका शांतिपूर्वक प्रदर्शन मांग पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा। शनिवार को भी युवाओं ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। हालांकि प्रशासन भी अलर्ट रहा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!