स्कूल शिक्षा निदेशालय हरियाणा की ओर से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा शिक्षकों व प्राचार्यों के चयन के लिए लिखित परीक्षा-2025 का आयोजन 30 जून को करवाया जा रहा है। जिसके बाद इनकी नियुक्ति राजकीय मॉडल संस्कृति एवं पीएम श्री स्कूलों में की जाएगी। इस परीक्षा के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) 27 जून से जारी किए जाएंगे।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष प्रो. डॉ. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार और सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि लिखित परीक्षा का आयोजन 30 जून को दोपहर 2 बजे से सांय साढ़े 3 बजे तक प्रशासनिक मंडल स्तर पर करवाया जाएगा।

परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध लिंक से अपनी कर्मचारी आईडी और मोबाइल नंबर दर्जकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र पर दर्शाए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़कर और समझकर उनकी अनुपालना करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि ऐसे नेत्रहीन/दृष्टिबाधित/अशक्त अभ्यर्थी जो स्वयं लिखने में असमर्थ हैं और लेखक की सुविधा लेना चाहते हैं, उन्हें मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी किया गया मेडिकल प्रमाण-पत्र की सत्यापित प्रति जमा करवानी होगी। जिसमें उनकी अशक्तता 40 प्रतिशत या इससे अधिक प्रमाणित की गई है।

ऐसे अभ्यर्थियों को लेखक के मूल एवं सत्यापित दस्तावेज/प्रलेख जैसे-शैक्षणिक योग्यता, जन्म-तिथि, दो नवीनतम पासपोर्ट साईज फोटो (एक सत्यापित), फोटो युक्त पहचान-पत्र/आधार कार्ड आदि एवं स्थायी व अस्थाई पता सहित स्कूल के प्राचार्य/प्रतिनिधि से सत्यापित करवाने उपरान्त परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा से एक दिन पूर्व पहुंचकर केन्द्र अधीक्षक से लेखक की स्वीकृति लेना सुनिश्चित करेंगें।

नेत्रहीन/दृष्टिबाधित/अशक्त अभ्यर्थियों को 20 मिनट प्रति घंटा के हिसाब से कुल 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। अभ्यर्थी अपने प्रवेश-पत्र से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 01664-254305 व ई-मेल assplexam@bseh.org.in पर संपर्क कर सकते हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!