रोहतक, 12 अगस्त। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर नगराधीश शुभम ने बुधवार सायं राजीव गांधी खेल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने समारोह स्थल पर चल रही विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की रिपोर्ट प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरा करने को कहा।
नगराधीश शुभम ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं शानदार तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समारोह में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ परेड, पीटी शो एवं अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की तैयारियों में आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने समारोह स्थल पर मंच, विशिष्ट एवं अति विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था तथा स्वतंत्रता सेनानियों के लिए सम्मानजनक एवं उचित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा दर्शकों के बैठने, समारोह स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने को कहा।
नगराधीश शुभम ने बताया कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। उन्होंने कहा कि समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त को फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फाइनल रिहर्सल के दौरान सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने तथा किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
नगराधीश ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है। इसलिए समारोह में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समारोह को गरिमापूर्ण, व्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान जिला सैनिक बोर्ड की सचिव विंग कमांडर गौरिका सुहाग, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी, प्राचार्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समन्वयक सुनीता अहलावत व जिला खेल अधिकारी अनूप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

