रोहतक 24 जुलाई! पूर्व मंत्री सुभाष बतरा ने अपने कार्यालय पर पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए छात्रों के आंदोलन और राहुल गांधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और भविष्य की आवाज उठा रहे छात्रों पर लाठियां बरसाना लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक है। भाजपा अब छात्रों के असली मुद्दों का जवाब देने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर माहौल खराब करने की राजनीति कर रही है।

सुभाष बतरा ने सवाल उठाया कि आखिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा क्यों नहीं हो रहा? सरकार को आखिर किस बात का डर है और कौन से राज खुलने की चिंता है? उन्होंने कहा कि देश के लाखों युवा वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने के बाद उनकी मेहनत, समय और पैसा बर्बाद हो जाता है। सरकार को बताना चाहिए कि पेपर लीक करने वाला नेटवर्क कौन चला रहा है और बड़े मगरमच्छों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती।

बॉक्स
‘राहुल गांधी को सड़क पर घसीटा, नाक से खून बहता देश ने देखा’

बतरा ने कहा कि कांग्रेस ने छात्रों की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक और दिल्ली से चंडीगढ़ तक मजबूती से उठाया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में गिरफ्तारियां दीं, जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपे और हर स्तर पर उनके साथ खड़े रहे।
उन्होंने कहा कि देश ने देखा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी को सड़क पर घसीटा गया और उनकी नाक से बहता खून भी पूरे देश ने देखा। “जिनके नाना, दादी और पिता देश के प्रधानमंत्री रहे, जिन्होंने देश के लिए काम किया और बलिदान दिया, ऐसे देशभक्त परिवार के सदस्य को सड़क पर घसीटा गया। इससे बड़ी बर्बरता और क्या हो सकती है?” उन्होंने सवाल किया।

सुभाष बतरा ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में लाखों छात्र कांग्रेस से जुड़े हैं। राहुल गांधी ने भाजपा सरकार के एजुकेशन व्यवस्था की सच्चाई देश के सामने रख दी है और यही भाजपा की सबसे बड़ी चिंता है। अब देश का युवा सवाल पूछ रहा है और अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है।

उन्होंने बताया कि सांसद चौधरी दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में रोहतक में 25 मार्च की शाम चार बजे कांग्रेस भवन से विशाल मार्च निकाला जाएगा। यह केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों और लोकतांत्रिक आवाज की लड़ाई है।

बॉक्स

‘गोली मारो’ के नारे पर भाजपा से पूछा- किसे गोली मारोगे, देश के बच्चों को?

भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि जिस पार्टी की सरकार पर छात्रों को बर्बरता से पीटने के आरोप लग रहे हैं, वही अब प्रदर्शन करके ‘देश के गद्दारों को गोली मारो’ जैसे नारे लगवा रही है।
उन्होंने सवाल किया, “आखिर किसे गोली मारोगे? देश के पढ़े लिखे होनहार बच्चों को? छात्रों को? या लोकतंत्र में सवाल पूछने वालों को?”
बतरा ने कहा कि पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने रोहतक में इस तरह का नारा एक बार नहीं, बल्कि कई बार लगाया है। भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि यह नारा किसके खिलाफ था और किसे गोली मारने की बात की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस का इतिहास देश की आजादी, लोकतंत्र और देश के लिए दिए गए बलिदानों से भरा हुआ है। “जो पार्टी छात्रों की आवाज को कुचलती है, वह देशभक्ति का ठेका नहीं ले सकती। देशभक्ति नारे लगाने से नहीं, देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने से साबित होती है,” बतरा ने कहा। पत्रकार से जवाब देते हुए बत्रा ने कहा अनिल विज की बात को वे गंभीरता से नहीं लेते ,इस लिए उनके किसी बयान पर कोई प्रतिक्रिया न्ही देते !

बॉक्स
पेपर लीक पर सरकार से 3 सीधे सवाल

▪ पेपर लीक करने वाला नेटवर्क कौन चला रहा है?
▪ बड़े मगरमच्छों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?
▪ हर बार छोटे आरोपियों को पकड़कर असली दोषियों को बचाने की कोशिश क्यों की जाती है?

सुभाष बतरा ने कहा कि भाजपा चाहे जितना शोर मचा ले और जनता का ध्यान भटकाने के लिए जितने नारे लगा ले, छात्र और युवा अब पीछे हटने वाले नहीं हैं। कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी थी, खड़ी है और जब तक उनके न्याय और अधिकार की लड़ाई पूरी नहीं होती, तब तक मजबूती से उनके साथ खड़ी रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व डिप्टी मेयर अनिल कुमार ,पूर्व वरिष्ठ पार्षद सूरजमल कलोई,अरविंद खासा प्रमुख रूप से मौजूद रहे !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!