कैथल में सनसिटी के सामने स्थित एक होटल पर पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों से 14 युवक-युवतियां मिले। हालांकि जांच में बाहर से लड़कियों को बुलाकर देहव्यापार जैसी कोई गतिविधि सामने नहीं आई।
होटल में आधा दर्जन से अधिक प्रेमी जोड़े मौजूद थे। पुलिस ने सभी को कमरों से बाहर निकालकर पूछताछ की और बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया। अधिकारियों ने साफ कहा कि अगर दोबारा ऐसी स्थिति मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सिविल लाइन थाना एसएचओ रामनिवास ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सम्राट नामक होटल में अनैतिक गतिविधियां हो रही हैं और नाबालिग स्कूली छात्र-छात्राएं वहां आ रहे हैं। इसके बाद सिविल लाइन थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
जांच के दौरान मौके पर कोई भी नाबालिग लड़की नहीं पाई गई। वहां मिले सभी युवक-युवतियों को पुलिस ने समझाकर चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति में पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएचओ ने सभी को यह भी समझाया कि इस तरह की गतिविधियों से परिवार की बदनामी हो सकती है और कानूनी परेशानी भी झेलनी पड़ सकती है।
वहीं होटल मालिक को भी स्पष्ट चेतावनी दी गई कि होटल परिसर में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि न होने दी जाए, अन्यथा उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी
