जिला पुलिस द्वारा आज लघु सचिवालय मे पुलिस पब्लिक मीटिंग का आयोजन किया गया है। मीटिंग की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री उदय सिंह मीना द्वारा की गई। इस दौरान मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहतक श्री कृष्ण कुमार लोहचब, विभिन्न व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारी, पार्षद, सरपंच व अन्य समिति के सदस्यों ने भाग लिया है। बैठक में मुख्य तौर पर पार्किंग, नशे का अवैध व्यापार, यातायात व्यवस्था व शहर की सुरक्षा के बारे मे विचार विमर्श किया गया। मीटिंग मे आए सदस्यों ने रोहतक पुलिस के कार्यो की प्रशंसा की व अपने विचार साझा किये।
पुलिस अधीक्षक श्री उदय सिंह मीना ने बैठक में उपस्थित जन प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला पुलिस द्वारा निरंतर नशे की तस्करी या अवैध धंधा करने वाले के खिलाफ कानून अनुसार कार्रवाई की जा रही है। साल 2022 में 175 मामलें दर्ज करते हुए 224 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया है। इसी प्रकार इस साल भी अभी तक 44 मामलें दर्ज करते हुए 49 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिला रोहतक मे नशे का अवैध व्यापार या धंधा करने वालो के खिलाफ हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए ताकि अपराधो पर रोक लग सके। नशे के खिलाफ अपने आस पास लोगो को जागरुक करे। आगे उन्होने व्यापारी एसोसिएशनों एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों को आह्वान किया कि अपने-2 एरिया में ज्यादा से ज्यादा अच्छी गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाए ताकि अपराधियों में खौफ पैदा हो। इसके अलावा किसी भी प्रकार की अगर घटना होती है तो अपराधियो को जल्द पकडने मे मदद मिले। शहर मे करीब 250 सीसीटीवी कैमरे लग चुके है जबकि आवश्यकतानुसार शहर में कुछ स्थल चिन्हित किये गए है जहां पर लगभग 180 सीसीटीवी कैमरे लगाने प्रस्तावित है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि रोहतक पुलिस द्वारा ऐसा सिस्टम बनाया गया है जिसके तहत उनके द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा सकती है। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम में 24 घंटे जवान तैनात किए गए है तथा इस संबंध में जवानों को ट्रेनिंग भी दी गई है।
इस संदर्भ में सैक्टर-1 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की तरफ से राजेन्द्र मलिक व निगम पार्षद कदम सिंह अहलावत ने आश्वासन दिया है कि उनकी एसोसिएशन द्वारा करीब 10 कैमरे जल्द ही लगाए जाएंगे जिनका कंट्रोल पुलिस कंट्रोल रूम में दिया जाएगा।
इसके आगे पुलिस अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर कहा कि जंहा पर नशे का अवैध धंधा के मामले ज्यादा है वहां पर रात से समय अलग से रात्रि पैदल गश्त लगाई जाएगी। उन्होने कहा कि अगर आपके आस पास, शहर या कस्बे में अगर कोई अवैध कार्य करता है तो उसकी सूचना पुलिस को दे। अवैध रुप से शराब बेचने व नशीले पदार्थों को बेचने वाले व्यक्तियों बारे पुलिस को सूचना दे। अपराधियों के खिलाफ रोहतक पुलिस द्वारा सख्त कार्यवाही की जाएगी। शरारती तत्वों व अपराधी व्यक्तियों बारे पुलिस को अवगत कराए। रोहतक पुलिस हर समय आमजन की सेवा में हाजिर है। आमजन की हर समस्या का हर संभव निदान करने के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है।
शहर में कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था व पार्किंग व्यवस्था के संदर्भ में व्यापारी एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होने कहा कि नो पार्किंग जोन मे खडे वाहनों को लोक लगाकर जिला पुलिस द्वारा उल्लंघन करने वाले वाहनो के चालान किए जा रहे है। रोहतक पुलिस द्वारा साल 2022 में नो पार्किंग जोन में खड़े 8314 वाहनों के चालान किए गए थे तथा इस साल अभी तक 3048 वाहनों के चालान किए जा चुके है। रोहतक पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए हर संभव कार्य किए जा रहे है। ब्लाइंड स्पॉट चिन्हित किए गए है जहां पर मिरर लगाए जाएगे।बैठक में रोहतक मार्केट एसोसिएशन प्रधान हेमंत बख्शी, सीएलजी प्रधान सुभाष गुप्ता, मॉडल टाउन मार्केट एसोसिएशन प्रधान अजय धनखड, जेजेपी जिला प्रधान दलबीर भराण, निगम पार्षद कदम सिंह अहलावत, पीजीआईएमएस डीएमएस डॉ. संदीप सिंह, समाजसेवी सुमिता भाटिया, जिला पार्षद जयदेव डागर, पालिक बाजार एसोसिएशन प्रधान गुलशन निझावन, पैट्रोल पंप यूनियन प्रधान पुनीत कौशिक, प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन प्रधान रविन्द्र नांदल, धर्मबीर सैनी, राहुल ढुल, सुंदर सपडा, मुकेश अरोडा व अन्य मौजूद रहे।
