रेवाड़ी के कोसली में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की टीम ने एक पटवारी को ₹4,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पटवारी ने पारिवारिक जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त करने और इंतकाल दर्ज करने के लिए ₹10,000 की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के आधार पर SV&ACB ने ट्रैप लगाकर आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया
जानकारी के अनुसार गांव टुमना निवासी आंनद ने एसीबी को शिकायत दी। जिसमें बताया कि वह अपनी पारिवारिक जमीन का रिकार्ड ठीक करवाने और इंतकाल दर्ज करवाने के लिए पटवारी पुनीत कुमार से मिला। कई दिन चक्कर काटने के बाद भी काम नहीं हुआ। जिसके बाद पटवारी ने इसके लिए उससे 10 हजार रुपए की मांग की और बातचीत के बाद 9 हजार में सौदा तय हुआ। जिनमें से वह 5 हजार रुपए पहले दे चुका है।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पटवारी को रंगे हाथों दबोचने की योजना बनाई। शिकायतकर्ता को बुलाकर पटवारी को देने के लिए पैसे दिए और वीरवार को तहसील कार्यालय भेजा। जब शिकायतकर्ता ने पटवारी को रिश्वत के 4 हजार रुपए दिए तो एसीबी ने उसे पैसों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
