रोहतक PGIMS में 1 अक्टूबर से OPD का समय बदला, सुबह 8:30 बजे से होगा रजिस्ट्रेशन
रोहतक: PGIMS रोहतक में मरीजों के लिए OPD की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। 1 अक्टूबर 2026 से नई OPD टाइमिंग लागू हो गई है, जो आगामी 31 मार्च 2027 तक जारी रहेगी।
नई व्यवस्था के तहत OPD रजिस्ट्रेशन सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। दोपहर 1 बजे तक जिन मरीजों का पंजीकरण हो जाएगा, उन्हें डॉक्टर द्वारा देखा जाएगा। इसलिए मरीजों को सलाह दी गई है कि वे समय का ध्यान रखते हुए अस्पताल पहुंचें।
वहीं चौधरी रणबीर सिंह OPD में सैंपल कलेक्शन सेंटर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित रहेगा। मरीजों के जाने से पहले उनके जरूरी सैंपल लेने की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा ऑपरेशन थिएटर का संचालन सुबह 9 बजे से शुरू होगा। अस्पताल की इमरजेंसी और अन्य जरूरी सेवाएं अपनी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार जारी रहेंगी।
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों से अपील की है कि OPD में इलाज के लिए आने से पहले नई समय-सारिणी का ध्यान रखें, ताकि उन्हें पंजीकरण और जांच में किसी तरह की परेशानी न हो।
