रेलवे एलीवेटेड ट्रैक के साथ दिल्ली रोड पर बजरंग भवन से श्रीनगर कॉलाेनी रेलवे फाटक तक दूसरी तरफ भी प्रस्तावित 15 फीट चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इससे पहले पब्लिक हेल्थ विभाग व बिजली निगम को पानी-सीवर, स्टार्म वाटर लाइन बिछाने व बिजली के पोल लगाने का एस्टीमेट बनाकर कार्रवाई शुरू करेगा।
साथ ही सेक्टर-6 स्थित रेलवे ओवर ब्रिज से रोहतक रेलवे स्टेशन तक दूसरी ओर 6 किमी लंबी सड़क के निर्माण में अड़चन बन रहे पुराने रेलवे ट्रैक को एक हफ्ते में उठाने के लिए रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
शुक्रवार को डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने इस प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक ली। पहले उन्होंने नगर निगम, पीडब्लयूडी, रेलवे, पब्लिक हेल्थ, बिजली निगम आदि विभागों के अधिकारियों से अपडेट लिया। इसके बाद बजरंग भवन से ट्रैक की डी पार्क साइड 15 फीट चौड़ी सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क का निर्माण कराए जाने के बाद सीवर, पानी आदि की पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क तोड़ना अनुचित होगा। लिहाजा पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी यहां पानी, सीवर व स्टार्म वाटर लाइन जरूरत के हिसाब से बिछाने का कार्य सड़क बनाने से पहले ही पूरा कर लें।
बिजली निगम भी मौका देखकर बिजली आपूर्ति से संबंधित कार्य पूरे कराए। बैठक में सीटीपी केके वार्ष्णेय, डीएमसी हरदीप सिंह, निगम के एक्सईएन हेड क्वार्टर मंजीत दहिया, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन उदयवीर झाझड़िया व गिरदावर डॉ. संदीप आदि उपस्थित रहे।
बजरंग भवन से रेलवे एलीवेटेड ट्रैक के डी पार्क साइड सर्विस रोड बनने से ट्रैक के दोनों तरफ की कॉलोनियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। ट्रैक की आरई वॉल के नीचे बनाए गए 10 रास्ते भी इसी सड़क से जुड़ेंगे।
इससे चिन्योट कॉलोन, न्यू चिन्योट कॉलोनी, डीएलएफ कॉलाेनी, गांधी नगर, जवाहर नगर, डी पार्क, आदर्श नगर, सुभाष नगर के अलावा सर्कुलर रोड से जुड़ी आधा दर्जन से अधिक कॉलोनियों व मोहल्ला वासियों का आना-जाना आसान होगा।
