रोहतक जिले के महम थाना में फरमाना के डाकखाने के तत्कालीन डाकपाल पर सुकन्या समृद्धि के रुपए खाते में जमा न करवाने के लिए गबन का मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मुकदमा रोहतक मुख्य डाकघर के अधीक्षक की शिकायत पर दर्ज हुआ है। आरोपी नवीन डाकपाल हाल में बतौर डाकिया ऐलनाबाद उपडाकघर (हिसार मण्डल) में कार्यरत है। आरोपी ने सुकन्या समृद्धि योजना, डीएसबी के तहत उपभोक्ताओं से उनके खातें में जमा करवाने के लिए साढ़े 13 लाख रुपए इक्ट्ठा कर लिए और रुपए खाते में जमा भी नहीं करवाए। अधीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 व 409 के तहत केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
महम थाना पुलिस को दी शिकायत में रोहतक मुख्य डाकघर अधीक्षक ने फरमाना के तत्कालीन शाखा डाकपाल नवीन के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि नवीन हाल में डाकिया ऐलनाबाद उपडाकघर (हिसार मण्डल) में कार्यरत है। उन्होंने नवीन पर आर डीएसबी व सुकन्या समृद्धि खातों में सरकारी धन का गबन किया है। आरोपी नवीन निवासी गांव हथवाला, जुलाना जिला जींद का रहने वाला है। आरोपी ने 28 अक्तूबर 2013 से 24 जुलाई 2020 तक ग्रामीण डाकसेवक शाखा डाकपाल फरमाना (महम) के पद पर काम करते हुए फरमाणा शाखा डाकघर में 13,49,700 रुपए का घपला किया है।
नवीन ने जमाकर्ताओ से उनके द्वारा खोले गए सुकन्या समृद्धि लेखा, बचत बैंक खाता व आवर्ती जमा खातों में जमा करने के लिए 13,49,700 रुपए इक्ट्ठा किए। लेकिन उस राशि को ना ही उपभोक्ताओं के खातों में जमा किए और ना ही सरकारी हिसाब में दिखाया। इस राशि का गबन शाखा डाकपाल ने सुकन्या समृद्धि खातों व आरडी के खातों के जमाकर्ता से उनके खातों में जमा करने के लिए राशि लेकर संबंधित पास बुक में जमा राशि की प्रविष्टि करके शाखा डाकघर की तारीख मोहर लगाकर, पास बुक में बकाया राशि बढ़ाकर जमाकर्ता को वापिस कर दी और जमा की गई राशि को सरकारी हिसाब में नहीं लिया। इस प्रकार शाखा डाकपाल ने सुकन्या समृद्धि लेखा, बचत बैंक व आवर्ती जमा खातों में जमा करवाने के लिए 13,49,700 रुपए की राशि को जमाकर्ताओ से लेकर सरकारी हिसाब में ना लेकर गबन कर लिया।
इस गबन का खुलासा जांच के दौरान हुआ। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इस बारे में मुकदमा दर्ज करने के लिए पहले भी तीन बार पत्र लिखा। उन्होंने 3 फरवरी 2021, 19 जुलाई 2021 व 10 अगस्त 2021 को SHO महम को उक्त गबन केस में नवीन तत्कालीन शाखा डाकपाल फरमाना लेखा कार्यालय महम वर्तमान में पत्रवाहक ऐलनाबाद उपडाकघर (हिसार मण्डल) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निवेदन किया था।
