Jind News : हरियाणा के जींद जिले में 15 सितंबर को गांव हमीरगढ़ व बेलरखां के बीच झाड़ियों में निजी बस परिचालक अनिल का शव मिला मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है। जिसे सब सड़क दुर्घटना समझ रहे थे, वह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। पुलिस ने मृतक के मामा के बयान पर अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई मौत मानकर मामला दर्ज किया था। लेकिन यह मामला हत्या का निकला है। हत्या अनिल की प्रेमिका के परिजनों ने की थी। अब पुलिस ने सड़क दुर्घटना की धारा हटाकर हत्या का मामला दर्ज करके एक युवक को गिरफ्तार भी कर लिया। जिसको कोर्ट में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव हमीरगढ़ निवासी रामफल ने बताया था कि उसका भांजा अनिल (22) 14 सितंबर की रात को लगभग 10.30 बजे मोटरसाइकिल पर किसी काम से नरवाना गया था। लेकिन सुबह तक वापस नहीं आया और सुबह उनको सूचना मिली कि गांव हमीरगढ़ व बेलरखां के बीच उसके भांजे अनिल का एक्सीडेंट हो गया है। वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि अनिल की मोटरसाइकिल सड़क से नीचे गड्ढे में झाड़ियों में पड़ी हुई थी। वहीं पास में अनिल घायल अवस्था में पड़ा था। परिजन अनिल को नागरिक अस्पताल में लेकर गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, अनिल का गांव हमीरगढ़ की ही एक लड़की के साथ अफेयर चल रहा था और 14 सितंबर की रात को वह उस लड़की से मिलने के लिए गया हुआ था। जब वह उसको वापस घर छोड़ने के लिए गया तो लड़की का चचेरा भाई सुनील उर्फ काला व अन्य जागे हुए थे और उसके परिवार के सदस्यों को देखकर अनिल ने अपनी मोटरसाइकिल वापस भगा ली। लेकिन लड़की के परिजनों ने उसके भांजे के पीछे गाड़ी लगाकर गांव बेलरखां के पास गाड़ी को सीधी टक्कर मारकर हत्या कर दी। उसकी मौत को हादसा दिखाने के लिए सड़क के पास गड्ढों में मोटरसाइकिल के साथ उसके शव को फेंक दिया। पुलिस ने रामफल के बयान पर हत्या का मामला दर्ज करके कार्रवाई करते हुए सुनील उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!