रोहतक, 10 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के सत्यापन एवं अद्यतन कार्य को अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए जारी किए गए नए दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों को इन दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त सतबीर सिंह ने स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी गंभीरता से अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आयोग ने मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने और सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से सूची में शामिल होने का एक और अवसर प्रदान किया है। इसलिए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र एवं वास्तविक मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे।
सतबीर सिंह ने कहा कि नए निर्देशों के तहत ऐसे मतदाताओं का भी सत्यापन किया जाएगा, जो अपने पंजीकृत पते पर उपलब्ध नहीं मिले अथवा किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गए हैं। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) ऐसे प्रत्येक मतदाता से संपर्क स्थापित करने का हर संभव प्रयास करेंगे। हरियाणा के भीतर, जिला में अथवा विधानसभा क्षेत्र और बूथ के अंतर्गत स्थानांतरित हुए मतदाताओं को प्रगणन फॉर्म उपलब्ध करवाया जाएगा। फॉर्म भरवाने के बाद उसे संबंधित नए बीएलओ तक समय पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि जिला स्तर पर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित कर चुनाव आयोग के नए दिशा-निर्देशों की जानकारी साझा की जाएगी। बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1 एवं बीएलए-2) के माध्यम से आगामी 10 दिनों तक सक्रिय सहयोग लेते हुए स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान और उनके सत्यापन का कार्य किया जाएगा।
सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची सत्यापन अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम नागरिकों को इसकी प्रक्रिया और अपने अधिकारों के बारे में जानकारी मिल सके। साथ ही, बीएलओ ऐप एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से कार्य की निरंतर निगरानी और समीक्षा की जाए तथा सत्यापन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट (एएसडीडी) के कारण ड्राफ्ट सूची से बाहर हुए मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए एक और अवसर दिया गया है। ऐसे मतदाताओं की बूथ-वार सूची संबंधित मतदान केंद्रों व बीएलओ के पास उपलब्ध है तथा सीईओ हरियाणा की वेबसाइट पर भी अपलोड की गई है। संबंधित मतदाता अपना एन्यूमरेशन फॉर्म एनेक्सचर- बी ध् एनेक्सचर-सी के साथ अपने बीएलओ ध् ईआरओ को अथवा ईसीआईनेट पोर्टल के माध्यम से जमा कर सकते हैं। सत्यापन के उपरांत पात्र पाए जाने पर उनका नाम अंतिम सूची में पूर्व के एपिक नंबर के साथ ही जोड़ा जाएगा।
सतबीर सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतन एक महत्वपूर्ण कार्य है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में केवल पात्र मतदाताओं के नाम सही विवरण के साथ दर्ज हों और कोई भी वास्तविक मतदाता सूची से बाहर न रहे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार व महम के एसडीएम विपिन कुमार, रोहतक के तहसीलदार यशपाल शर्मा, सांपला के तहसीलदार गुलाब सिंह व निर्वाचन तहसीलदार सरला कौशिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
