चंडीगढ़ में न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। इसमें 1500 जवानों की 31 दिसंबर की रात के लिए ड्यूटी लगाई गई है। 12:00 बजे तक ही नए साल का जश्न मनाने की अनुमति दी गई है। 12:10 पर सभी क्लब, पब और रेस्टोरेंट बंद करवा दिए जाएंगे। इसके लिए चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने सभी थाना प्रभारी, SP और DSP के साथ बैठक कर निर्देश दिए हैं।
नए साल को के सेलिब्रेशन को लेकर चंडीगढ़ शहर में दोपहर से ही नाकाबंदी कर दी जाएगी। इसके लिए चंडीगढ़ पुलिस शहर की सीमाओं पर नाके लगाएगी। जिसमें बाहर से आने वाले लोगों की चेकिंग की जाएगी। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि कोई भी बाहरी शराब या हथियार के साथ शहर में प्रवेश न कर सके। ताकि जश्न के दौरान किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो पाए।
चंडीगढ़ पुलिस नए साल के अवसर पर किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना से बचने की संभावनाओं को लेकर अलर्ट है। इसके लिए पुलिस की तरफ से एंटी बम स्क्वायड को 31 दिसंबर से एक्टिव कर दिया जाएगा। शहर के भीड़भाड़ वाले सेक्टरों में पार्किंग में खड़े वाहनों को स्कैन किया जाएगा। जो वाहन काफी समय से पार्किंग में खड़े हैं, उनकी भी जांच की जाएगी। वहीं पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए वाहनों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
चंडीगढ़ पुलिस ने नए साल के जश्न को देखते हुए भीड़- भाड़ के कारण एलांते मॉल में भी अपना कमांड सेंटर बनाया है। इसके लिए पुलिस माल के सीसीटीवी और अनाउंसमेंट सेंटर पर खुद के कर्मचारी बिताएंगे। एसपी सिटी मृदुल ने बताया कि पुलिस ने इसकी तैयारी कर ली है। पुलिस शहर में किसी भी तरह की घटना से निपटने के लिए तैयार है। बाहर से आने वाले लोगों पर खास तौर पर नजर रखी जाएगी। शहर में पुलिस के अलावा दूसरी केंद्रीय एजेंसी भी सक्रिय कर दी गई है।
