हरियाणा के झज्जर में बुधवार को दिनदहाड़े एक फाइनेंसर की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। सुबह करीब साढ़े 11 बजे डीघल गांव में सांपला रोड पर स्थित ऑफिस में वह साथियों के साथ ताश खेल रहा था।
उसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो में आए तीन बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। एक मिनट के अंदर करीब 14 राउंड फायरिंग की गई।
गोलियां मारने के बाद बदमाश फरार हो गए। फाइनेंसर को रोहतक स्थित कायनोस अस्पताल में ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सोनू (26) के तौर पर हुई है।
पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि साहिल को क्यों गोलियां मारी गईं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।


