हरियाणा में इन दिनों मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 42.3°C दर्ज किया गया, जबकि करनाल में न्यूनतम तापमान 20.6°C रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं, अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की चेतावनी जारी करते हुए कहा कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में 21, 22 और 23 अप्रैल को तीन दिनों तक कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। जिसके चलते दिन के समय बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 20 अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा तथा किसी प्रकार की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है। वहीं 21 अप्रैल को चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, रोहतक, झज्जर, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है।
इसके अलावा 21 अप्रैल को ही चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, रोहतक, झज्जर, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला में कुछ स्थानों पर गर्म रात (वार्म नाइट) की स्थिति रहने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि इन दिनों में कुछ स्थानों पर गर्म रात (वार्म नाइट) की स्थिति भी बन सकती है, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज गर्मी और लू के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतें, खासकर दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त पानी का सेवन करें।
