हरियाणा के यमुनानगर जिले में शादी के चार साल बाद 26 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत छह ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, बेटे की चाह में ताने देने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

अंबाला जिले के तंदवाल गांव निवासी जरनैल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रजनी की शादी 23 अप्रैल 2022 को यमुनानगर के सबापुर गांव निवासी रजत से हुई थी, जो डीजे का काम करता है। रजनी की दो बेटियां थीं। दूसरी बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष उसे बेटा न होने को लेकर ताने देता था और कहता था कि वंश आगे बढ़ाने के लिए बेटे की जरूरत है।

परिजनों का आरोप है कि पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और देवर लगातार मायके से पैसे और सामान लाने का दबाव बनाते थे। परिवार ने कई बार अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक मदद भी की, लेकिन मांगें खत्म नहीं हुईं। रजनी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

जरनैल सिंह के अनुसार, 22 जुलाई को रजनी से उनकी फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि ससुराल वाले उसे काफी परेशान कर रहे हैं और डीजे का सामान खरीदने के लिए मायके से ₹1 लाख लाने का दबाव बना रहे हैं। उसने कहा था कि उसकी जिंदगी बहुत मुश्किल हो गई है।

सोमवार सुबह रजनी के पति रजत ने फोन कर बताया कि रात में रजनी ने घर में फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा, जहां रजनी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।

जांच अधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति रजत, जेठ विनोद, जेठानी सपना, देवर साहिल, ससुर गुरदयाल सिंह और सास कमलेश के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!