हरियाणा के सिरसा जिले के चाहरवाला गांव में पुस्तैनी जमीन के विवाद ने परिवार को आमने-सामने ला खड़ा किया। यहां मां और बेटी के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मां अपनी ही बेटी को थप्पड़ मारते और जमीन पर गिराकर पीटते हुए नजर आ रही है।

वीडियो में दिख रहा है कि महिला को नीचे गिराकर उसकी मां, भांजा और कुछ अन्य युवक डंडों से उसकी पिटाई कर रहे हैं, जबकि छोटी बहन मौके पर खड़ी होकर वीडियो बना रही है। यहां तक कि मां अपनी बेटी को लातों से भी मारती दिखाई दे रही है।

जानकारी के मुताबिक, चाहरवाला निवासी फकीरचंद ढाका की दो शादियां थीं और दोनों से उनकी चार बेटियां हैं। परिवार में कोई बेटा नहीं है। करीब 28 एकड़ पुस्तैनी जमीन को लेकर चारों बेटियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जो फिलहाल कोर्ट में भी विचाराधीन है।

बताया जा रहा है कि फकीरचंद की मौत करीब पांच महीने पहले हो गई थी। उनके निधन के बाद जमीन चारों बेटियों और पत्नी मीरा के नाम दर्ज हो गई। हर बेटी के हिस्से में करीब 5-5 एकड़ जमीन आई है, जबकि एक हिस्सा पत्नी के नाम है।

ग्रामीणों के अनुसार, मां मीरा अपनी छोटी बेटी लक्ष्मी के नाम अपना और उसका हिस्सा करना चाहती है। लक्ष्मी तलाकशुदा है और अपने बेटे के साथ मां के पास ही रहती है। वहीं बड़ी बेटी, जो फतेहाबाद के दैयड़ गांव में शादीशुदा है, अपने हिस्से पर कब्जा लेने के लिए खेत में जुताई करने पहुंची थी।

इसी दौरान मां मीरा और छोटी बेटी लक्ष्मी भी खेत में पहुंच गईं, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते झगड़ा मारपीट में बदल गया।

ग्राम सरपंच के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर परिवार में पहले से ही तनाव बना हुआ था। फिलहाल मामला कोर्ट में है और पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!