गुरुग्राम के गोरक्षक मोनू मानेसर को इंस्टाग्राम ऑडियो कॉल के जरिए कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को सैफ अली खान बताया और पाकिस्तान से संचालित बताए जा रहे शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा होने का दावा किया। मामले में मोनू मानेसर ने ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ मानेसर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है।

शिकायत के अनुसार, 1 अगस्त को यह ऑडियो कॉल मोनू मानेसर के भाई रोहित के इंस्टाग्राम अकाउंट पर आई। रोहित ही मोनू मानेसर का इंस्टाग्राम अकाउंट संचालित करता है। कॉल के दौरान आरोपी ने कथित रूप से मोनू मानेसर को 100 गोलियां मारने और बम से उड़ाने की धमकी दी।

मोनू मानेसर ने शिकायत में बताया कि उनके भाई ने कॉल करने वाले से उसका पता पूछने की कोशिश की, लेकिन उसने बार-बार मोनू मानेसर और उनके सहयोगी पिंकी चौधरी को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने खुद को पाकिस्तानी गैंग से जुड़ा बताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।

गौरतलब है कि मोनू मानेसर हाल ही में राजस्थान की जेल से जमानत पर रिहा हुए हैं। उन पर फरवरी 2023 में दर्ज जुनैद और नासिर डबल मर्डर मामले में आरोप हैं। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। तथ्यों के सत्यापन के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!