हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का औपचारिक शपथ ग्रहण समारोह रविवार को रोहतक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगा। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मोहन लाल बड़ौली रविवार को पहली बार रोहतक पहुंचेंगे।

मोहन लाल बड़ौली भाजपा प्रदेश कार्यालय में शपथ लेने वाले पहले प्रदेश अध्यक्ष होंगे। क्योंकि इससे पहले सभी प्रदेश अध्यक्षों ने भाजपा के पुराने प्रदेश कार्यालय में ही कार्यभार संभाला है। इसके लिए रोहतक के सनसिटी सेक्टर 36ए स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
बड़ौली 14 जुलाई को औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेंगे। जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहेंगे। इस मौके पर भाजपा विधायक, सांसद, मंत्री, प्रभारी, संयोजक, पार्टी पदाधिकारी और हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भाजपा प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में कार्यक्रम का आयोजन होगा। हुड्डा के गढ़ कहे जाने वाले रोहतक में रविवार को भाजपा अपनी ताकत दिखाने की कोशिश करेगी।
