हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सोमवार को महंगाई, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। रोहतक, सोनीपत, कैथल और कुरुक्षेत्र समेत कई जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

रोहतक में इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में कार्यकर्ता डीसी कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया, जिसके बाद विधायक और पुलिस अधिकारियों के बीच करीब 15 मिनट तक बहस हुई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे उपायुक्त को ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया।

हंगामा बढ़ने पर डीसी सचिन गुप्ता और एसपी गौरव राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। इस दौरान विधायक अर्जुन चौटाला और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। बाद में विधायक ने डीसी को ज्ञापन सौंपा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

दोपहर में विधायक अर्जुन चौटाला एक बार फिर डीसी से मिलने के लिए आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। विरोध में कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और ट्रैक्टर खड़ा कर रोड जाम कर दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया।

वहीं, सोनीपत में इनेलो कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर सवार होकर मिनी सचिवालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने महंगाई विरोधी पोस्टर और बैनर लेकर प्रदर्शन किया। सचिवालय का गेट बंद मिलने पर उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने गेट को धक्का देकर खोल दिया और परिसर के अंदर प्रवेश कर गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

इनेलो के जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने पहुंचे कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से रोका। उन्होंने इसे प्रशासन का तानाशाही रवैया बताया।

कैथल में इनेलो की ओर से महाप्रदर्शन किया गया। पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और महिला विंग की सदस्यों ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पिहोवा चौक पर मटके फोड़े। प्रदर्शन का नेतृत्व इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने किया।

कुरुक्षेत्र में भी पार्टी कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा। पहले इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना थी, लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर प्रदेश महासचिव बूटा सिंह और जिलाध्यक्ष जयपाल चढ़ूनी ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

इनेलो नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल रही है, किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ती जा रही है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!