उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL 2026) के तीसरे सीजन का ग्रैंड फिनाले रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा था, लेकिन मैच से ज्यादा चर्चा हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के शो को लेकर शुरू हुए सियासी और सामाजिक बवाल की रही। स्टेडियम के बाहर उत्तराखंड क्रांति दल (UPL 2026 Grand Finale Dehradun) के कार्यकर्ताओं ने मासूम शर्मा और धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। भारी विरोध-प्रदर्शन के बीच जब मासूम शर्मा मंच पर पहुंचे, तो उन्होंने गाना शुरू करने से पहले देवभूमि की जनता से हाथ जोड़कर पुरानी गलती के लिए खुले मंच से माफी मांगी।
विरोध की आंच को भांपते हुए मासूम शर्मा ने मंच संभालते ही सबसे पहले उत्तराखंड की पवित्र भूमि को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि वह देहरादून आकर उत्तराखंड के साथ अपने पुराने भावनात्मक जुड़ाव को फिर से महसूस करने आए हैं।
उनका मकसद किसी भी व्यक्ति या राज्य की संस्कृति की भावनाओं को ठेस पहुंचाना बिल्कुल नहीं है। माफी मांगने के तुरंत बाद मासूम शर्मा ने अपना मशहूर हरियाणवी गाना ‘बोल तेरे मीठे-मीठे…’ गाना शुरू किया, जिस पर स्टेडियम में मौजूद दर्शक झूम उठे। इस दौरान उन्होंने UPL के आयोजक महिम वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और उमेश शर्मा का भी आभार जताया।
स्टेडियम के बाहर उग्र प्रदर्शन कर रहे यूकेडी (UKD) नेता लुशुन टडोरिया ने राज्य सरकार और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) पर तीखे हमले बोले।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार राज्य के सांस्कृतिक समूह ‘पांडवाज’ जैसे प्रतिष्ठित कलाकारों को नेशनल गेम्स में ‘भू-बुग्याल’ गाने का मेहनताना तक नहीं देती, तो दूसरी तरफ मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले बाहरी कलाकारों को लाखों-करोड़ों की मोटी रकम देकर बुलाया जा रहा है। यूकेडी नेताओं ने इसे राज्य सरकार का दोहरा मापदंड करार देते हुए स्थानीय बोली और संस्कृति के अपमान का मुद्दा बनाया।
दरअसल, यह पूरा विवाद इसी साल 11 अप्रैल 2026 का है, जब देहरादून के DAV पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मासूम शर्मा पर मंच से बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगे थे।
उस वक्त डालनवाला थाना पुलिस ने मासूम शर्मा के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर उन्हें नोटिस जारी किया था, जबकि हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए समन थमाया था। हालांकि, शो से पहले मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर ‘जय बाबा बद्री विशाल’ के जयकारे के साथ जनता से गिले-शिकवे भुलाने की अपील की थी, लेकिन देवभूमि में उनके उस पुराने बयान की आग अभी ठंडी नहीं हुई है।

