हरियाणा के पानीपत में लव मैरिज के महज सात महीने बाद 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को शुरुआती सूचना आत्महत्या की मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचकर जांच करने पर कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे मामला संदिग्ध हो गया। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है।
मृतका की पहचान 21 वर्षीय सेहरीन निवासी कैराना (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। थाना किला पुलिस के अनुसार, सेहरीन ने करीब सात महीने पहले साहिल से प्रेम विवाह किया था। घटना के समय घर में केवल उसकी सास रेहाना मौजूद थी। सास ने पुलिस को बताया कि साहिल और उसके पति जहीर काम पर गए हुए थे। इसी दौरान सेहरीन ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में कहानी में नया मोड़ आ गया। अधिकारियों ने बताया कि मृतका के गले पर फंदे का कोई निशान या खरोंच नहीं मिली। वहीं, उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पति साहिल और ससुर जहीर घर पहुंचे। इसके बाद दोनों ने सेहरीन की मौत का जिम्मेदार सास रेहाना को ठहराते हुए उससे बहस शुरू कर दी। घर में काफी देर तक हंगामा होता रहा, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को शांत कराया। इस घटनाक्रम के बाद पारिवारिक विवाद का पहलू भी जांच के दायरे में आ गया है।
पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक और सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही, मृतका के कैराना स्थित मायके पक्ष को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच जारी है।
