सीकर का खाटूश्याम मंदिर आज रात 10 बजे से आगामी आदेशों तक बंद रहेगा। मंदिर कमेटी ने इसके लिए आदेश जारी किया है।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शंभूसिंह ने आदेश जारी करते हुए बताया है कि मंदिर में भक्तों के लिए सुलभ और सुगम दर्शन व्यवस्था करने हेतु 13 नवंबर 2022 को रात 10 बजे से खाटूश्याम मंदिर को आगामी आदेशों तक दर्शनों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। आगामी आदेश होने के बाद ही भक्त मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे।

गौरतलब है कि इससे पहले 10 नवंबर को खाटूश्याम मंदिर और कस्बे में व्यवस्थाओं का विस्तार करने हेतु जिला कलेक्टर डॉ अमित यादव और एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने मंदिर कमेटी और अधिकारियों की बैठक ली थी। जिसमें कई निर्णय हुए। ऐसे में अब मंदिर बंद होने पर मंदिर और कस्बे में व्यवस्था बदलने के लिए काम शुरू होगा।
यह काम होंगे
- मुख्य मंदिर में भक्तों के प्रवेश और निकासी व्यवस्था को बढ़ाया जाएगा।
- 75 फीट मेला ग्राउंड में श्रद्धालुओं की लाइन बढ़ाई जाएगी।
- 75 फीट मेला ग्राउंड के बचे हुए हिस्से को शेड से कवर किया जाएगा।
- लखदातार मैदान में सीसी कवर्ड, टीन शेड और स्थायी जिगजैग बनाया जाएगा।
- लखदातार मैदान के एंट्री गेट और एग्जिट गेट पर निशान रखने के लिए व्यवस्था की जाएगी।
- लखदातार मैदान के बाहर एग्जिट गेट पर बड़ा गेट लगाया जाएगा।
- फतेहाबाद धर्मशाला के सामने रास्ते पर कमेटी सीसी सड़क बनवाएगी।
- कृष्णा सर्किट योजना में बने रेस्ट रूम, टॉयलेट और आवास शुरू होंगे।
गौरतलब है कि खाटूश्याम मंदिर में 8 अगस्त को सुबह भगदड़ में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। जिसके बाद मंदिर कमेटी और प्रशासन ने दर्शन व्यवस्थाओं में चेंज करने का निर्णय किया। वही आज रविवार के दिन भी खाटू श्याम में पूरे दिन भक्तों की भीड़ लगी रही। आज यहां करीब एक लाख से ज्यादा लोगों ने दर्शन किए।
