गोंडा। भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह तथा उनके पुत्र गोंडा सदर से भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व राजस्थान के अलवर जिले के निवासी संदीप शर्मा नामक युवक ने विधायक प्रतीक भूषण सिंह के मोबाइल फोन पर कॉल कर उन्हें और उनके पिता को जान से मारने की धमकी दी। फोन पर आरोपी ने कहा कि “तुम्हें और तुम्हारे पिता दोनों को जान से मारकर खत्म करने का इंतजाम हो चुका है, खुद को बचा पाओ तो बचा लो।” इसके बाद उसने फोन काट दिया।धमकी मिलने के तुरंत बाद विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने मामले की जानकारी गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को दी। एसपी के निर्देश पर नगर कोतवाली में विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई।पुलिस और सर्विलांस टीम ने जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई थी उसकी जांच की, जिसमें पता चला कि उक्त नंबर संदीप शर्मा पुत्र दयाराम शर्मा निवासी मकान नंबर 239, मांडावार वार्ड नंबर-6, माजरी भंडा, जिला अलवर (राजस्थान) के नाम पर पंजीकृत है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच तेज कर दी। साथ ही अंतरराज्यीय एवं अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गोंडा पुलिस की एक टीम राजस्थान के अलवर जिले के लिए रवाना की गई।जांच के दौरान अलवर पुलिस से प्राप्त जानकारी में सामने आया कि संदीप शर्मा मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका उपचार जयपुर स्थित एक मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी पहले भी कई जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर इंटरनेट एवं गूगल के माध्यम से प्राप्त कर उन्हें धमकी देने जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इसकी पुष्टि स्थानीय पुलिस द्वारा भी की गई है।इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) आनंद कुमार राय ने बताया कि विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की शिकायत पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सर्विलांस टीम एवं स्थानीय पुलिस ने नंबर की पहचान कर ली है तथा मामले की जांच जारी है। आरोपी की पृष्ठभूमि, मानसिक स्थिति एवं धमकी के पीछे के कारणों की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!