हरियाणा के जींद में कॉन्ट्रेक्टर श्याम सुंदर बंसल हत्याकांड को लेकर व्यापारियों के साथ-साथ कांग्रेसी भी मैदान में उतर आए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता आज टाउन हॉल पर धरने पर बैठे। इसके बाद वे शहर में प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय का घेराव करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला घेराव व प्रदर्शन में शामिल होंगे।
रोहतक रोड की चौड़ी गली में श्यामसुंदर बंसल की पिछले मंगलवार को गोली मार कर बदमाशों ने हत्या कर दी थी। पुलिस अभी किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इसके विरोध में व्यापारी धरना देकर 3 दिसंबर को जींद और 10 दिसंबर को हरियाणा बंद का अल्टीमेटम दे चुके हैं। अब कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला भी 72 घंटे के अलटीमेटम के बाद शनिवार को प्रदर्शन में शामिल होंगे।
जींद की पुरानी अनाज मंडी, टाउन हॉल में धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता लघु सचिवालय तक रोष प्रदर्शन करके घेराव करेंगे। डीसी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसकी अगुआई रणदीप सुरजेवाला कर रहे हैं ऐसे में कांग्रेस के छोटे बड़े सभी नेता तैयारियों में जुटे हैं। 27 नवंबर शनिवार सुबह 11 बजे पुरानी अनाज मंडी से शुरू होने वाले धरना व रोष प्रदर्शन के दृष्टिगत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के अनाज मंडी क्षेत्र, गोहाना रोड, सब्जी मंडी, मेन बाजार, पटियाला चौक को होर्डिंग्स से पाट दिया गया है।
श्याम सुंदर हत्याकांड और अन्य व्यापारियों के मामले को लेकर लोगों में रोष है। धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस आगे के आंदोलन की घोषणा की जाएगी। कांग्रेस नेता अंशुल सिंगला, रघुबीर भारद्वाज, राजू लखीना, दिनेश मिन्नी, कमल चौहान, वज़ीर ढांडा, संदीप सांगवान, डॉ राजकुमार गोयल, मंजीत सैनी, सुनील चहल व शालू गर्ग आदि शहरी क्षेत्रों में तैयारियों में लगे हैं।
व्यापारी श्याम सुंदर के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए जिला प्रशासन पर चौतरफा दबाव बढ़ रहा है। इस मामले में पुलिस प्रशासन की किरकिरी भी हो रही है। मौके पर जिस तरह से 21 राउंड गोलियां चली, उससे हर कोई चिंतित हैं। वकीलों का प्रतिनिधिमंडल एसपी नरेंद्र बिजारनिया से मिल चुका है। व्यापारी धरना दे चुके हैं।
जानकारी के लिए आपको बता दे रोहतक रोड चौड़ी गली में बेखौफ बदमाशों ने 23 नवंबर को श्याम सुंदर और इसके भतीजे हन्नी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थी। मौके से पुलिस को 21 राउंड गोलियों के खोल मिले थे। श्याम को 5 और भतीजे को एक गोली लगी थी। श्याम की मौत हो गई थी, हन्नी को इलाज के बाद छ़ुट्टी मिल गई थी।
