मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जापानी संस्कृति एवं भाषा के बेसिक सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिला लेने वाले पहले छात्र बन गए है। वह यहां पर जापानी भाषा की पढ़ाई करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल को रोल नंबर एक, जबकि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को रोल नंबर तीन मिला है। यह पहला मौका है जब हरियाणा के मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बने हैं। मनोहर लाल का मेरिट लिस्ट में पहले स्थान पर नाम शामिल किया गया है। 

इस कोर्स में मुख्यमंत्री के अलावा हरियाणा सरकार और स्वायत्त संस्थान के 5 अन्य उच्चाधिकारियों ने भी जापानी संस्कृति एवं भाषा के बेसिक सर्टिफिकेट कोर्स (3 महीने का कोर्स) में दाखिला लिया है। इनमें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आईएएस वी. उमाशंकर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, आईआरएस योगेंद्र चौधरी, पवन कुमार और अनंत प्रकाश पांडेय शामिल हैं।

इस मौके पर CM मनोहर लाल ने कहा कि शिक्षा कोई भी व्यक्ति किसी भी उम्र में ग्रहण कर सकता है, सीखने की कोई उम्र नहीं होती है। उनका शुरू से ही विदेशी भाषा सीखने के प्रति लगाव रहा है, इसलिए उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा शुरू किए जापानी भाषा के कोर्स में दाखिला लिया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने जापानी भाषा कोर्स के प्रथम विद्यार्थी बनने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री के इस कोर्स में दाखिला लेने से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों में उत्साह व जोश का संचार होगा।

कला एवं भाषा संकाय के अधिष्ठाता एवं विदेशी भाषा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ब्रजेश साहनी ने बताया कि इस सर्टिफिकेट कोर्स में जापानी इतिहास, जापानी जीवन मूल्य, जापानी के लेखन और उच्चारण की मूल बातें, बॉडी लैंग्वेज, जापानी शब्दावली, दैनिक जीवन में उपयोग किए जाने वाले बुनियादी अभिवादन व बिजनेस मीटिंग को समझने के साथ-साथ सामान्य वाक्यांश और वाक्यों को पढ़ने में सक्षम होना सिखाया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!