फतेहाबाद के गांव बीघड़ में शनिवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहां पॉल्ट्री फार्म पर काम करने वाले नेपाली मूल के पिता और उसका 17 वर्षीय बेटा नहर में नहाते समय तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थानीय गोताखोरों के साथ हिसार से SDRF की टीम को भी बुलाया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।

जानकारी के अनुसार, नेपाल निवासी विष्णु अपनी पत्नी के साथ गांव बीघड़ में पूर्व सरपंच के बेटे सोनू के पॉल्ट्री फार्म पर काम करता था। शनिवार दोपहर वह अपने 17 वर्षीय बेटे सुभाष और साथी बीरु के साथ नहर पर नहाने गया था। इसी दौरान सुभाष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

साथी बाहर निकल आया, पिता बेटे को बचाने के लिए लड़ता रहा

चश्मदीदों के मुताबिक, बेटे को डूबता देख पिता विष्णु और साथी बीरु तुरंत नहर में कूद गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों उसे बाहर नहीं निकाल सके। जब खुद की जान पर बन आई तो बीरु किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन विष्णु आखिरी दम तक अपने बेटे को बचाने की कोशिश करता रहा। देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों तेज बहाव में बह गए।

10 दिन पहले ही नेपाल से लौटा था बेटा

पॉल्ट्री फार्म संचालक सोनू ने बताया कि विष्णु के दो बेटे हैं। एक बेटा अभी भी नेपाल में रहता है। उसकी पत्नी करीब 10 दिन पहले नेपाल से लौटी थी और अपने साथ 17 वर्षीय सुभाष को भी लेकर आई थी। परिवार अभी बेटे के आने की खुशी मना ही रहा था कि इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। बेटे और पति के लापता होने के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

SDRF की टीम चला रही सर्च ऑपरेशन

हादसे के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। इसके बाद हिसार से SDRF की टीम को बुलाया गया। टीम लगातार नहर में दोनों की तलाश कर रही है, लेकिन देर शाम तक पिता-पुत्र का कोई पता नहीं चल पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!