हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव हलालपुर कुश्ती अकादमी में नेशनल स्तर की पहलवान व उसके भाई की हत्या करने के आरोपी अकादमी संचालक व अन्य की गिरफ्तारी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
इससे पहले ग्रामीणों ने हलालपुर गांव में पंचायत कर गिरफ्तारी नहीं होने तक शव लेने से इनकार कर दिया और पोस्टमॉर्टम भी नहीं करवाने का फैसला लिया। ग्रामीणों ने दो मांगें रखीं थीं, इनमें एक 5 लाख का इनाम और 24 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी शामिल है। जिसपर पुलिस ने बताया कि एक लाख का इनाम घोषित कर दिया है।  नागरिक अस्पताल में दोनों के शव रखे गए हैं और वहां पुलिस ने पहरा कड़ा कर दिया है। CRPF अधिकारियों की टीम ने अस्पताल पहुंच कर मृतकों के बारे में जानकारी ली। पिता दयानंद हवाई मार्ग से दिल्ली होकर गांव पहुंच गए हैं।रेसलर निशा दहिया, भाई सूरज की हत्या और उनकी मां को गोली मारने की वारदात से ग्रामीणों में जबरदस्त रोष है। ग्रामीणों ने बुधवार रात एकेडमी में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी। गुरुवार सुबह पौने 9 बजे गांव की चौपाल में पंचायत शुरू हुई और दोपहर 12 बजे तक जारी थी।

पंचायत की अध्यक्षता दहिया चौबीसी प्रधान सुल्तान सिंह ने की। पंचायत में खरखौदा थाना प्रभारी कर्मजीत भी पहुंचे। वहीं, रमेश नाहरा, कैप्टन फूल सिंह, राज सिंह, सरपंच जीवनी दैवी के पति कुलबीर सिंह, दीपक, राजेंद्र, कृष्ण, कप्तान सिंह आदि व्यक्ति भी शामिल हुए।

गिरफ्तारी का अल्टीमेटम देने के साथ ही पंचायत ने फरार आरोपियों पर 5 लाख का इनाम घोषित करने और गांव से एकेडमी को हटाने की मांग की है। पंचायत में पहुंचे खरखौदा थाना प्रभारी कर्मजीत ने ग्रामीणों की मांगों को सुना और प्रशासन से बात करने के लिए पांच प्रमुख लोगों का नाम मांगा। SHO ने पंचायत में अपील की कि दोनों के शव का पोस्टमॉर्टम करा लें। दहिया चौबीसी प्रधान रमेश नाहरा ने कहा कि अभी इस बारे में पंचायत का फैसला नहीं हुआ है।

भाजपा राई के विधायक और जिला प्रधान मोहनलाल बड़ौली भी पंचायत में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सख्त कार्रवाई कराएंगे और आरोपी नहीं बचेंगे। फिलहाल पंचायत जारी है और कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। विधायक इसके बाद लौट गए।

देश की सेवा के लिए समर्पित दयानंद जम्मू-कश्मीर में अपनी ड्यूटी पर तैनात और सीमाओं की रक्षा में लगे थे। पीछे से उनकी बेटी पहलवान निशा और उसके बेटे सूरज की गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। अब सोनीपत के नागरिक अस्पताल में पहलवान निशा और उसके भाई की हत्या के बाद वीरवार को CRPF के अधिकारी पहुंचे हैं।

CRPF अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि मृतक पहलवान निशा और उसके भाई सूरज की हत्या कर दी गई है। उनके पिता दयानंद जम्मू कश्मीर के पुलवामा शोपियां 178 बटालियन में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं और जैसे ही उन्हें वारदात की सूचना मिली, वह हवाई जहाज से दिल्ली होते हुए सोनीपत अपने गांव हलालपुर पहुंच चुके हैं। वे विभाग के दिशा निर्देश अनुसार पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचे हैं।

बता दें, सोनीपत जिले के हलालपुर गांव की कुश्ती एकेडमी में बुधवार को निशा दहिया और उसके छोटे भाई सूरज की हत्या कर दी गई। मां धनपति देवी भी गोली लगने से घायल हो गईं। मां धनपति के अनुसार, कुश्ती कोच पवन कुमार बेटी के साथ छेड़छाड़ करता था। जब निशा ने इसका विरोध किया तो पवन ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!