रोहतक, 17 नवंबर। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग के सभी कर्मचारियों की 100 प्रतिशत आभा आईडी बनवाना सुनिश्चित करें। संबंधित विभागाध्यक्ष नवंबर माह के अंत तक इस संबंध में हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र स्वास्थ्य विभाग को प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
नरेंद्र कुमार स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए के सभागार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान की अंतरविभागीय जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पीजीआई, गृह, राजस्व, परिवहन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा तथा कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा ने बिंदुवार एजेंडे को प्रस्तुत किया।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने कर्मचारियों की आभा आईडी बनवाने के कार्य को प्राथमिकता दें। साथ ही जनसंपर्क एवं जनसेवा से जुड़े विभागों को अपने कार्यालयों में आने वाले नागरिकों की आभा आईडी बनवाने में सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि आभा आईडी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी विभाग सक्रिय भूमिका निभाएं।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत नरेंद्र कुमार ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वाली दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने गृह विभाग, परिवहन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने तथा तंबाकू उत्पादों का सेवन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार चालान एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 28 अक्टूबर 2026 से आगामी 60 दिनों के लिए चलाया जा रहा है।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनीमिया की रोकथाम, जन जागरूकता, स्वास्थ्य जांच (स्क्रीनिंग) तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर प्रयास करें, ताकि जिले को एनीमिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि आभा आईडी निर्माण में तेजी लाना, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन पर प्रभावी रोक लगाना तथा एनीमिया की रोकथाम प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि तीनों कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के लिए आगामी 15 दिनों के भीतर पुनः जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभागवार कार्यों की समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!