हरियाणा के झज्जर में दो लोगों ने पहले एक व्यक्ति की गाड़ी छीनी और फिर उसे बुरी तरह पीटा। बाद में आरोपियों ने गाड़ी को आग भी लगा दी। आग लगने के कारण गाड़ी जलकर राख हो गई। बादली थाना पुलिस ने दोनों लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कुछ ही देर में कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई। लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बादली थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि गाड़ी बादली गांव के ही विवेक की थी। उधर विवेक की मानें तो उसके पास इटियोस गाड़ी है। रात को वह गाड़ी वॉशिंग करवाकर वापस लौट रहा था।
रास्ते में उसका दोस्त योगी उर्फ योगेश मिल गया। वह योगेश के खेत में कुछ देर के लिए ठहर गया। इस दौरान खेत में कई और भी कई युवक बैठे थे। फिर थोड़ी देर बाद वह घर के लिए चल दिया। पुरानी गैस एजेंसी के नजदीक पहुंचते ही पीछे से बाइक पर आए सारंदा उर्फ अमन व पाता ने उसके आगे बाइक अड़ाकर गाड़ी रूकवा ली। इससे पहले वह कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उसे बाहर निकाला तथा उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपी कहने लगे कि उसे गाड़ी समेत जिंदा जलाएंगे। विवेक तो किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग गया, लेकिन आरोपी उसकी गाड़ी लेकर भाग गए और फिर गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। बादली थाना पुलिस ने आरोपी सारंदा व पाता के खिलाफ आईपीसी की धारा 335, 34, 341, 379बी, 506 के तहत केस दर्ज कर लिया। फिलहाल आरोपी फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
