रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में BJP नेता के भतीजे जितेंद्र यादव (40) की हत्या का मामला सामने आया है। भाड़ावास रोड पर सुनसान जगह पर हुई वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि जितेंद्र ब्लैक थार से उतरकर सड़क किनारे टॉयलेट करने गया था। इसी दौरान उसके बचपन के दोस्त प्रवीन ने कथित तौर पर उसके सिर पर रॉड से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने जितेंद्र के सिर पर रॉड से एक के बाद एक कई वार किए। जितेंद्र के जमीन पर गिरने के बाद भी हमला जारी रहा। इसके बाद आरोपी का एक साथी उसे खींचकर गाड़ी की ओर ले गया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक जितेंद्र यादव कमालपुर गांव का रहने वाला था और खेती-बाड़ी करता था। उसके चाचा उत्तम सिंह BJP के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। परिवार ने हत्या का आरोप जितेंद्र के बचपन के दोस्त प्रवीन ठेकेदार और उसके दो अन्य साथियों पर लगाया है।
वारदात भाड़ावास रोड पर HPCL प्लांट के पास खाली पड़े इलाके में हुई। पुलिस की जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे CCTV कैमरे की फुटेज सामने आई, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई।परिजनों के अनुसार, जितेंद्र सोमवार दोपहर करीब 3 बजे बाइक से डेयरी के लिए निकला था। शाम को उसे गांव के बस अड्डे पर भी देखा गया था। बाद में परिवार को सूचना मिली कि जितेंद्र को गोली मारी गई है। मौके पर पहुंचने पर वह औंधे मुंह पड़ा मिला और उसके सिर पर चोट के गहरे निशान थे।
परिजनों के मुताबिक, जितेंद्र और प्रवीन के बीच काफी पुरानी दोस्ती थी। जितेंद्र खेती-बाड़ी करता था, जबकि प्रवीन कंस्ट्रक्शन ठेकेदार है। परिवार इस बात से हैरान है कि आखिर दोस्त ने ही जितेंद्र की हत्या क्यों की।हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर प्रवीन ठेकेदार को नामजद करते हुए दो अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।
परिवार के अनुसार, जितेंद्र करीब पांच साल तक अलग-अलग देशों में रहा था। करीब तीन साल पहले उसके पिता की मौत के बाद परिवार ने उसे वापस बुला लिया था। इसके बाद वह खेती-बाड़ी करने लगा। जितेंद्र के 18 साल का बेटा और 15 साल की बेटी है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या की वजह का पता लगाने के लिए आरोपियों की तलाश जारी है।
