हरियाणा के भिवानी जिले के एक सरकारी स्कूल में शुक्रवार सुबह बड़ा मामला सामने आया। यहां 12वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने हिंदी शिक्षक पर हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब शिक्षक ने छात्र को कक्षा में शरारत करने से मना किया और उसे प्रिंसिपल के कार्यालय तक ले गए। छात्र ने अचानक पंचनुमा हथियार से हमला कर दिया, जिससे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह मामला गांव ढाणा लाडनपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का है। घायल शिक्षक शिवकुमार ने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे कक्षा में एक छात्र ने अपने बैग से आगे बैठे विद्यार्थी के सिर पर चोट मारी। इस पर जब उन्होंने टोका तो छात्र ने उल्टा जवाब दिया कि वह स्कूल सिर्फ एंजॉयमेंट के लिए आता है।

टीचर ने छात्र को समझाते हुए कहा कि यह स्कूल पढ़ाई के लिए है, ऐसे एंजॉयमेंट के लिए नहीं। परीक्षाएं नजदीक हैं, इसलिए समय बर्बाद करने की बजाय पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। लेकिन छात्र अपनी बात पर अड़ा रहा और लगातार टीचर को चुनौतीपूर्ण लहजे में जवाब देता रहा।

स्थिति को देखते हुए पीजीटी शिवकुमार छात्र को लेकर प्रिंसिपल के दफ्तर पहुंचे। यहां प्रिंसिपल ने छात्र को समझाने की कोशिश की और कहा कि अगर पढ़ाई में रुचि नहीं है तो स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट SLC लेकर बाहर जा सकते हो। इस पर छात्र ने तुरंत एक एप्लीकेशन लिखकर दे दी, लेकिन जाने की बजाय वह वहीं रुका रहा।

पीजीटी शिवकुमार और छात्र उस समय प्रिंसिपल कार्यालय में मौजूद थे। प्रिंसिपल एप्लीकेशन पढ़ ही रहे थे कि अचानक छात्र ने पंचनुमा हथियार निकालकर शिक्षक पर वार कर दिया। वार सीधे सिर पर लगा और खून बहने लगा। हमले के तुरंत बाद छात्र स्कूल से फरार हो गया।

घायल अवस्था में पीजीटी शिवकुमार को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनके सिर पर दो जगह गहरी चोटें आई हैं। हालांकि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है। मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी प्रवेश कुमार ने बताया कि शिक्षक शिवकुमार के बयान दर्ज किए गए हैं। उनके अनुसार छात्र ने शरारत से रोकने पर हमला किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार छात्र की तलाश की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!