गुरुग्राम में एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें पति की क्रूरता किसी का भी रूह कंपा देगी। आरोपी ने ना केवल पत्नी का मर्डर किया, बल्कि उसकी गर्दन धड़ से अलग कर दी और फिर दोनों हाथ-पैर काट डाले।

आरोपी ने शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर अलग-अलग जगह फेंक दिए। सबूत मिटाने के लिए एक जगह शरीर के अंग को जलाने के लिए खंडहरनुमा घर में ले गया। यहां अधजला अंग मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और फिर कड़ी से कड़ी जोड़कर क्रूरता करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने महिला के शरीर के सभी अंग बरामद कर लिए है।

7 दिन पहले 21 अप्रैल को गुरुग्राम के मानेसर इलाके में पड़ने वाले गांव कुकड़ोला स्थित एक खेत में बने खंडहरनुमा घर से एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ था। ये खेत उमेद सिंह नाम के व्यक्ति ने लीज पर लिया हुआ था। उमेद सिंह को किसी ने उसके खेत में बने कमरे के अंदर से धुआं निकलने की जानकारी दी थी।

बाद में जब उमेद पुलिस को साथ लेकर कमरे पर पहुंचा तो वहां अधजला शव पड़ा था। शरीर से दोनों हाथ और गर्दन गायब मिली थी। पुलिस ने आसपास के इलाके को खंगाला, लेकिन शरीर का कोई दूसरा हिस्सा नहीं मिला। इसके बाद फोरेंसिक टीमें पहुंची। धड़ को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

इसके ठीक 2 दिन बाद 23 अप्रैल को पुलिस ने मानेसर इलाके में ही 2 पैर व कटे हुए हाथ बरामद हुए। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि जिस महिला का धड़ मिला था, ये उसी के हाथ-पैर है। इसके बाद पुलिस ने उन्हें भी पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया।

3 दिन बाद 26 अप्रैल को खेड़कीदोला इलाके में महिला की गर्दन मिली थी। पुलिस ने इसके बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई तो आरोपी जितेन्द्र का सुराग लग गया। गुरुग्राम पुलिस ने जितेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

पकड़ा गया आरोपी पति गांधी नगर का रहने वाला जितेन्द्र है। जितेन्द्र गुरुग्राम के औद्योगिक कस्बा मानेसर स्थित एक कंपनी में काम करता है और यहीं पर पत्नी के साथ रहता था। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना गुनाह भी कबूल लिया है। पुलिस टीमें उससे लगातार पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी मर्डर की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जल्द इसका खुलासा कर दिया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!