अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह उस वक्त यात्रियों की सांसें थम गईं, जब मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। माता वैष्णो देवी कटरा जा रही ट्रेन जैसे ही चलने लगी, एक दंपति अपने बच्चे के साथ कोच में सवार होने की हड़बड़ी करने लगा। पति और मासूम बच्चा तो ट्रेन में चढ़ गए, लेकिन भीड़ और ट्रेन की गति बढ़ने के कारण पत्नी प्लेटफॉर्म पर ही छूट गई। पत्नी को रोता-बिलखता देख पति ने जो जल्दबाजी दिखाई, उसने मासूम बच्चे की जान खतरे में डाल दी।

ट्रेन धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही थी। अपनी पत्नी को पीछे छूटता देख ट्रेन के गेट से लटके पति ने एक हाथ से हैंडल पकड़ा और दूसरे हाथ से अपने मासूम बच्चे को चलती ट्रेन से नीचे प्लेटफॉर्म पर उतारने की कोशिश की। रफ्तार तेज होने की वजह से युवक बच्चे पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे बच्चा प्लेटफॉर्म पर गिरकर पटरियों की ओर घिसटने लगा। यह खौफनाक मंजर देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया और लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगे।

प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर गश्त कर रहे आरपीएफ कांस्टेबल कुलदीप ने जैसे ही यात्रियों का शोर सुना और बच्चे को प्लेटफॉर्म पर फिसलते देखा, उन्होंने बिना एक सेकंड गंवाए दौड़ लगा दी। कांस्टेबल कुलदीप ने फुर्ती दिखाते हुए मासूम को ट्रेन के पहियों के नीचे समाने से ठीक पहले खींच लिया। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि अगर जवान ने समय रहते बच्चे को नहीं पकड़ा होता तो एक बहुत बड़ी त्रासदी घट सकती थी।

हादसे के तुरंत बाद आरपीएफ जवान ने स्टेशन मास्टर और ट्रेन गार्ड को अलर्ट कर मालवा एक्सप्रेस को रुकवाया। इसके बाद घबराए हुए पति, पत्नी और बच्चे को एक साथ कोच में बैठाकर सुरक्षित जम्मू के लिए रवाना किया गया। आरपीएफ ने कांस्टेबल कुलदीप की इस जांबाजी को ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत दर्ज किया है। रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं और यात्रा के दौरान अपनी व परिजनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!