नूंह। हरियाणा के नूंह में नेशनल हाईवे-248A पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। फिरोजपुर झिरका में सगाई समारोह से लौट रहे चार युवकों की ईको कार तेज रफ्तार ट्रक से टकराकर उसके नीचे घुस गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक अपने रिश्तेदार की सगाई में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाउसिंग बोर्ड कट के पास अलवर की ओर से आ रहे ट्रक से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के नीचे फंस गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए।
JCB की मदद से निकाली गई कार
हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कार ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसने के कारण उसे निकालने में करीब तीन घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। बाद में JCB की मदद से कार को बाहर निकाला गया और दरवाजे काटकर युवकों को बाहर निकाला गया।

जीजा-साले समेत तीन की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गांधी कॉलोनी, गुरुग्राम निवासी रवि और सोहना निवासी अनिल व विवेक के रूप में हुई है। रवि और अनिल आपस में जीजा-साले थे। वहीं, घायल अभिषेक भी सोहना का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!